'मुझ पर 38.5 लाख का कर्ज', शामली में लुटेरे ने बैंक मैनेजर पर तान दी बंदूक, फिर 40 लाख लूटकर हुआ फरार
UP Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में दिनदहाड़े एक्सिस बैंक से 40 लाख रुपए लूटकर एक लुटेरा फरार हो गया। वह दोनों हाथों में तमंचा लहराते हुए बैंक पहुंचा था। बैंक में घुसने के बाद उसने शाखा प्रबंधक की कनपटी पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद उसने पैसे मांगे।
कैशियर के पैसे लाने के बाद उसने 40 लाख रुपए ले लिया और एक बैंक कर्मचारी की कनपटी पर बंदूक रखकर उसे बैंक के गेट पर ले गया। इसके बाद बाइक पर बैठाकर फरार हो गया। जिस समय उसने वारदात को अंजाम दिया, उस समय बैंक में ग्राहक भी मौजूद थे।

घटना के बाद बैंक में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बदमाश करीब आधे घंटे तक बैंक में मौजूद रहा। इस दौरान वहां मौजूद किसी ग्राहक या बैंक के किसी अधिकारी ने पुलिस को सूचना नहीं दी और न ही किसी ने लुटेरे को रोकने की हिम्मत दिखाई। सभी मूकदर्शक बने रहे।
दोपहर करीब ढाई बजे की है घटना
यह घटना शामली जनपद के कोतवाली क्षेत्र के धीमानपुरा रेलवे फाटक के समीप स्थित एक्सिस बैंक के ब्रांच की है। बताया जा रहा है कि एक्सिस बैंक की ब्रांच में आज दोपहर करीब ढाई बजे एक युवक तमंचा लहराते हुए प्रवेश किया। इस दौरान बैंक में 18-20 ग्राहक मौजूद थे।
बदमाश अपने दोनों हाथों में तमंचा लिया हुआ था। बैंक में प्रवेश करने के बाद वह ब्रांच मैनेजर नवीन जैन के चेंबर में गया। ब्रांच मैनेजर के चेंबर में पहुंचने के बाद उसने उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया और सुसाइड नोट दिखाते हुए कहा कि उसके ऊपर 38.5 लाख रुपए का कर्ज है।
बैंक मैनेजर से उसने यह भी कहा कि यदि वह कर्ज नहीं चुका पाया तो बर्बाद हो जाएगा। ऐसे में उसने बैंक मैनेजर से 40 लाख रुपए कैशियर से मंगवाने के लिए कहा। उसने यह भी कहा कि यदि उसे रुपए नहीं मिलते हैं तो वह मैनेजर को मार देगा या खुद मर जाएगा।
उसके बाद ब्रांच मैनेजर द्वारा कैशियर रोहित को 40 लाख रुपए लेकर अपने चेंबर में बुलाया गया। और रुपए मिलने के बाद बदमाश बैग उठाया और बाहर निकाल कर सभी कर्मचारियों और ग्राहकों का हाथ ऊपर उठाया। एक कर्मचारी के कनपटी पर तमंचा सटाकर उसे वह गेट तक लेकर आया।
गेट पर पहुंचने के बाद पहले से खड़ी अपनी बाइक पर वह बैठा और बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया। बदमाश के जाते ही ब्रांच मैनेजर द्वारा इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद एसपी रामसेवक गौतम, एएसपी संतोष कुमार सिंह के साथ ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications