स्वामी चिन्मयानंद पर लगे आरोपों पर प्रियंका ने भाजपा को घेरा, कहा- यूपी की लड़कियां सब देख रही हैं
शाहजहांपुर। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर लगे आरोपों को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा सरकार को एक बार फिर आड़े हाथों लिया है। यूपी की योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'उत्तर प्रदेश में एक दिन भी ऐसा नहीं बीतता जिस दिन भाजपा सरकार महिलाओं को ये भरोसा दिलाने में कामयाब हो कि आप सुरक्षित हैं और अगर आपके साथ कोई घटना घटती है तो आपको न्याय मिलेगा।'
'आखिर ये कब तक चलेगा'
शाहजहांपुर के एसएस लॉ कॉलेज की छात्रा ने कॉलेज प्रबंधक और पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर कई छात्राओं की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया। छात्रा का वीडियो सामने आने के बाद उसका फोन बंद है। वह पिछले चार दिनों से लापता है। प्रियंका गांधी ने कहा, 'आवाज उठाने वाली लड़की लापता है या कर दी गयी है। उसके साथ क्या हो रहा है कोई नहीं जानता। आखिर ये कब तक चलेगा?'
'यूपी की लड़कियां सब देख रही हैं।'
छात्रा के पिता की तहरीर पर स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले में डीजीपी ओपी सिंह ने संज्ञान लेते हुए तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़िता को जल्द ही खोज लिया जाएगा। प्रियंका ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'पिछले ही साल आरोपी पर से बलात्कार का मुकदमा भाजपा सरकार ने वापस लिया था। बहुत साफ है सरकार किसके साथ खड़ी है। यूपी की लड़कियां सब देख रही हैं।'
'उन्नाव केस का दुहराव लग रहा है'
बता दें, ये मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। वकीलों के एक ग्रुप ने मामले में मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर मुख्य न्यायाधीश से इस केस में स्वत: संज्ञान लेने की याचिका दाखिल की है। वकीलों का कहना है कि वे नहीं चाहते कि 'उन्नाव' केस दोबारा हो। एक अन्य ट्वीट में प्रियंका ने लिखा, 'उत्तर प्रदेश में ये उन्नाव मामले जैसा ही दुहराव लग रहा है। अगर कोई महिला BJP नेता के खिलाफ शिकायत करती है, तो उसको न्याय मिलना तो दूर की बात, उसकी खुद की सुरक्षा की भी गारंटी नहीं रहती।'