एसपी ऑफिस के सामने शख्स ने खुद को लगाई आग, पिकअप गायब होने से था परेशान, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद में एसपी ऑफिस के सामने मंगलवार को एक शख्स ने खुद को आग लगा ली। बताया जा रहा है कि उसकी पिकअप गायब हो गई है और पिकअप की शिकायत लेकर वह पुलिस के पास पहुंचा लेकिन केस दर्ज नहीं किया गया।
इस मामले में वह पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत करना चाहता था लेकिन पुलिसकर्मी उसे पुलिस अधीक्षक से मिलने नहीं दिए। तीन-चार दिन परेशान होने के बाद मंगलवार को वह एसपी ऑफिस पहुंचा। एसपी ऑफिस पहुंचने के बाद उसने पेट्रोल छिड़क कर खुद को आग लगा ली।

व्यक्ति द्वारा खुद को आग लगाने की सूचना मिलते ही एसपी कार्यालय में हड़कंप मच गया। कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसे शख्स को अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि शाहजहांपुर जनपद के कांट के मोहल्ला सिरान निवासी ताहिर की एक पिकअप गाड़ी थी। गाड़ी से वह लोगों का समान ढोता था। सामान ढुलाई के एवज में उसे जो किराया मिलता था उसी से वह परिवार का पालन पोषण करता है।
उसका आरोप है कि करीब 6 महीने पहले किसी मामले में पुलिस ने उसकी गाड़ी को कब्जे में ले लिया। गाड़ी को कब्जे में लेने के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा उसे कोई कागजात नहीं दिए गए। अब उसकी गाड़ी कहां है इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पीड़ित के परिवार का आरोप है की गाड़ी के बारे में जानकारी नहीं मिलने के बाद वह थाने पहुंचा तो उसे थाने से भगा दिया गया। कई बार वह थाने गया लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उसके बाद वह एसपी से मिलकर शिकायत करना चाहा।
चार दिन से वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत करना चाहता था लेकिन पुलिसकर्मी उसे मिलने नहीं देते थे। ऐसे में वह मंगलवार को पेट्रोल लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंच गया। कार्यालय में प्रवेश न मिलने से नाराज होकर उसने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली।
फिलहाल गंभीर रूप से झुलसे हुए ताहिर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घटना के दौरान वहां पर मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने वाले ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कई लोगों द्वारा इस वीडियो को शेयर करते हुए प्रदेश के कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि "शाहजहाँपुर में पिकप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज न करने से आहत जिस युवक ने SP ऑफिस के सामने पहुंच कर आग लगाई है, उसको तत्काल सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुविधा दी जाए और इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुक़दमा दर्ज कर सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाए।"
"जब FIR इतनी कम होती हैं तब तो NCRB की रिपोर्ट में उप्र की क़ानून-व्यवस्था की इतनी दुर्गत दिखाई देती है। अगर सच में हर अपराध की रिपोर्ट लिखाई जाए तो पता नहीं उप्र में तथाकथित अमृतकाल ही शर्म से आत्मदाह न कर ले।"












Click it and Unblock the Notifications