रात 11 बजे घर लौट रहे पत्रकार को बदमाशों ने मारी गोली, अस्पताल में चल रहा इलाज
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में बेखौफ बदमाशों ने पत्रकार को गोली मार दी। पत्रकार अपने एक साथी के साथ घर लौट रहा था। तभी रास्ते में उसके ऊपर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने गोली चला दी। पत्रकार गोली लगने से घायल हो गया। घायल को उसका साथी जिला अस्पताल लेकर आया। जहां उसको भर्ती करके इलाज शुरू कर दिया गया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसपी, एसपी सिटी, सीओ सिटी समेत भारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी हासिल की। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
चौक कोतवाली के कच्चा कटरा मोहल्ला निवासी अंकित शर्मा एक टीवी चैनल में पत्रकार है। वह बीती रात करीब 11 बजे अपने साथी राहुल अवस्थी के साथ घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों साउथ सिटी के पास पहुंचे। वैसे ही सामने से आए दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने अंकित पर फायरिंग कर दी। गोली अंकित शर्मा के हाथ में लगी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पत्रकार का साथी घायल हालत में पत्रकार को जिला अस्पताल लेकर आया। जहां उसको भर्ती करके इलाज शुरू कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी एस चिनप्पा, एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी और सीओ सिटी महेंद्र पाल सिंह ने पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस जल्द आरोपियों को पकड़ने की बात कह रही है।
घायल पत्रकार अंकित शर्मा के मुताबिक वह अपने साथी के साथ घर लौट रहा था। तभी सामने से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उनके उपर फायर कर दिया। गोली लगते ही वह गिर गया। उसके साथी ने जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। वहीं एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी का कहना है कि पत्रकार को गोली मारने की घटना हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी गई है।