बिहार में फर्जी IPS के बाद अब यूपी में पकड़ा गया फर्जी आर्मी कैप्टन, NDA का फुल फार्म भी नहीं बता पाया
बिहार में फर्जी आईपीएस पकड़े जाने का मामला अभी भी सुर्खियों में है। इसी बीच उत्तर प्रदेश में फर्जी आर्मी कैप्टन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया शख्स एक व्यक्ति से 50000 रुपए ठगने के लिए सेना की वर्दी पहन कर पहुंचा था। जब उसे शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा। उसके बाद पुलिसकर्मियों द्वारा उसे एनडीए का फुल फॉर्म पूछा गया तो वह नहीं बता पाया। सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए फर्जी आर्मी कैप्टन से पूछताछ की जा रही है।

दरअसल, पीलीभीत जनपद के गायेबोझ के रहने वाले चंदन पाल द्वारा बताया गया कि उसके परिवार के कुछ सदस्य हत्या के एक मामले में जेल में बंद हैं। वह जेल में बंद अपने परिवार के सदस्यों की जमानत के लिए प्रयास कर रहा था। इसी दौरान चंदन की मुलाकात मऊ खास के रहने वाले रवि से हुई।
मुलाकात के बाद रवि ने चंदन पाल से कहा कि वह आर्मी कैप्टन है और जेल में बंद उसके परिवार के सदस्यों को छुड़ा देगा। इसके लिए रवि द्वारा चंदन से 50 हजार रुपए का डिमांड किया गया। रुपए का इंतजाम होने के बाद चंदन ने रवि को रुपए देने के लिए फोन किया।
चंदन द्वारा फोन किए जाने के बाद रवि ने उसे निगोही थाना क्षेत्र के टिकरी चौकी के समीप और रुपए लेकर बुलाया। चंदन ने उसे पीलीभीत आने के लिए कहा तो वह पीलीभीत नहीं गया। ऐसे में चंदन रुपए लेकर टिकरी चौकी के समय पहुंचा। इस दौरान रवि आर्मी की वर्दी पहनकर बाइक से मिलने के लिए पहुंचा था।
मुलाकात के बाद उसने चंदन से रुपए मांगे। इस दौरान चंदन उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान चंदन को उसके ऊपर शक हुआ और उसे वहीं पर रोक कर चंदन ने तत्काल पुलिस को इस मामले की जानकारी दे दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस के पहुंचने के बाद रवि पुलिस कर्मियों को भी अर्दब में लेने का प्रयास किया। उसके बाद पुलिस द्वारा उससे एनडीए का फुल फॉर्म पूछा गया। वह एनडीए का फुल फॉर्म नहीं बता पाया इसके बाद पुलिस को उसके ऊपर शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने सच्चाई उगल दी।
पकड़े गए रवि ने पुलिस को बताया कि वह 10वीं पास है और बरेली के जाट रेजीमेंट के अधिकारियों के यहां काफी समय खाना बनाया था इसलिए उसे आर्मी की जानकारी हो गई थी। उसके पास से पुलिस ने बाइक और एक मोबाइल तथा कैंटीन का स्मार्ट कार्ड के साथ ही अन्य सामग्री बरामद की। पुलिस द्वारा पकड़ लिए जाने के बाद वह माफी मांगने लगा। हालांकि आरोपी को पकड़ने के बाद पुलिस द्वारा उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications