'डेढ़ लाख दो तब पापा को दूंगा मुखाग्नि', इकलौते बेटे ने पिता का अंतिम संस्कार करने से कर दिया माना
Shahdol News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से कलयुगी बेटे का हैरान कर देने वाला मामला सामने आयाहै। जिले में एक युवक अपने पिता के शव को मुखाग्नि देने से मना कर दिया। सिर्फ इसलिए क्योंकि उसकी मां ने उसे डेढ़ लाख रुपये नहीं दिए।
इसके बाद महिला ने खुद ही अपने पति को मुखाग्नि दी और अंतिम संस्कार किया है। महिला अपने बेटे की शिकायत पुलिस थाने में की है। मामला जिले के ब्यौहरी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी मुताबिक 65 साल के रामस्वरूप बर्मन यहां अपनी पत्नी पार्वती के साथ रहते थे। आरोप है कि उनका बेटा मनोज आए दिन अपने पिता के साथ पैसों को लेकर विवाद करता था। आगे चलकर जब पिता ने पैसे देने से मना कर दिया तो मनोज कथित तौर पर ब्यौहारी में ही माता-पिता से अलग होकर अपनी पत्नी के साथ किराए का रूम लेकर रहने लगा।
इस बीच मनोज के पिता की मौत हो गई। मां की शिकायत है कि निधन से एक दिन पहले भी उनका बेटा घर पर डेढ़ लाख रुपये लेने आया था। हालांकि घरवालों ने उसे पैसे नहीं दिए,
आरोप है कि अगली सुबह महिला ने जब बेटे को पिता की मौत की जानकारी दी तब भी वो पैसों की मांग करने लगा। मनोज ने कथित तौर पर अपनी मां से घर बेचकर पैसे देने को कहा और धमकाया कि पैसे नहीं मिले तो वो पिता के शव को मुखाग्नि नहीं देगा। मां का कहना है कि इसके बाद मनोज ने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया था।
इसके बाद रामस्वरूप बर्मन का अंतिम संस्कार खुद उनकी पत्नी ने ही किया। फिर दो दिन बाद वो अपनी दोनों बेटियों के साथ ब्यौहारी थाने गईं और पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि पुलिस को भी समझ नहीं आया कि वह क्या करे तो उसने महिला को NCR काट कर दे दिया। पुलिस ने स्वयं को इस मामले में हस्तक्षेप करने योग्य नहीं पाया।












Click it and Unblock the Notifications