MP: मां शारदा देवी के भक्तों को नहीं मिलेगी रोप-वे सेवा, मेंटेनेंस कार्य के लिए 15 दिनों तक बंद रहेगी सर्विस
Maihar Dham:मैहर में त्रिकूट पर्वत पर विराजीं मां शारदा के श्रद्धालुओं को अगले 15 दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्हें 1063 सीढ़ियों से चढ़कर ही मां शारदा के दर्शन कर अपनी इच्छा पूरी करनी पड़ेगी। दर्शनार्थियों के लिए यहां चलने वाली रोप-वे की सेवा 21 सितंबर से 5 अक्टूबर अगले बंद रहेगी।
दरअसल 15 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि शुरू होने वाली है। इसी को देखते हुए 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक रोप वे का मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है। जिसके चलते रोपवे का संचालन बंद किया गया है। मैहर में 12 महीना श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगा रहता है। ऐसे में रोपवे बंद होने से सड़क मार्ग से जाने वाले दर्दनाक्यों की भीड़ बढ़ गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

शारदीय नवरात्रि मेला के दिनों में सतना के मैहर स्थित आदिशक्ति मां शारदा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में दर्शनार्थी पहुंचते हैं। मंदिर में माता के दर्शन के लिए 1063 सीढ़ियां चढ़कर जाना होता है। ऐसे में भक्तों की सुविधा और समय की बचत के लिए रोपवे का संचालन किया जाता है। जिससे कुछ ही देर में दर्शन के लिए नीचे से ऊपर पहुंच जाते हैं। इस रोप वे का समय-समय पर मेंटेनेंस करवाना होता है। आने वाले दिनों में ज्यादा भीड़ का अंदाजा होने से शारदीय नवरात्रि मेला से पहले मेंटेनेंस का काम करवाया जा रहा है।
आम श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शारदीय नवरात्रि मेला के दौरान गर्भगृह में वीआईपी दर्शन व्यवस्था पूर्णता बंद रहेगी। शारदीय नवरात्र के दौरान मां शारदा देवी मंदिर के पट सुबह 3.30 बजे खोले जाएंगे। दोपहर 1 बजे अल्प समय के लिए पट बंद होंगे। मां शारदा देवी मंदिर के पट रात्रि 10.30 बजे बंद होंगे।
सतना के मैहर नगरी में स्थित त्रिकूट पर्वत पर मां शारदा का एक प्रसिद्ध मंदिर स्थित है। जिसे शारदा पीठ भी कहा जाता है। मां शारदा को विद्या और ज्ञान की देवी के रूप में जाना जाता है। इसके अलावा, यह सुंदर दृश्यों के लिए भी जाना जाता है। केवल इतना ही नहीं, त्रिकूट पर्वत पर जाने के लिए रोप-वे की सुविधा भी है जो ज्यादातर श्रद्धालुओं को खूब पसंद आती है लेकिन अभी यहां आने वाले भक्तों को थोड़ी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications