Satna News : हाथ मलती रह गई लोकायुक्त टीम, दीवार फांदकर फरार हुआ रिश्वतखोर बाबू
Satna news : मैहर तहसील कार्यालय में तहसीलदार के बाबू विनोद कुमार गुप्ता को बुधवार को ट्रैप करने पहुंची लोकायुक्त इकाई रीवा की टीम को 60 सेकंड की देरी भारी पड़ गई। शिकायतकर्ता से 1500 रुपए की घूस लेने के बाद जैसे ही बाबू को दबिश की भनक लगी पलभर में दीवार कूदकर भाग गया। जब टीम चेंबर में पहुंची तो खाली कुर्सी पड़ी थी।

इस दौरान लोकायुक्त पुलिस की दबिश की जानकारी लगते ही अधिकारी-कर्मचारी सन्न रह गए। तहसील कार्यालय में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कुछ ही देर में ज्यादातर कुर्सियां खाली हो गईं। रिश्वत की रकम के साथ भागे तहसीलदार के बाबू को पकडऩे के लिए 12 सदस्यीय लोकायुक्त की टीम दोपहर से देर रात तक आरोपी की तलाश में लगी रही। एक टीम आरोपी के सतना स्थित एमपी नगर वाले आवास में भी गई लेकिन वह नहीं मिला। बताया गया कि आरोपी बाबू लंबे अर्से से प्लाट नामांतरण की फाइल दबाए बैठा था। शिकायकर्ता जब उसके पास जाता तो कभी 5 तो कभी 10 हजार रुपए की मांग करता।
बताया गया कि आरोपी बाबू ने 2 दिन में दो बार रिश्वत लोकायुक्त पुलिस की आसपास मौजूदगी में ली लेकिन पकड़ा नहीं गया। डीएसपी राजेश पाठक ने जानकारी दी कि रीडर ने शिकायतकर्ता से 2 हजार की रिश्वत मांगी थी। मंगलवार को 500 ले चुका था। शिकायत पूरी तरह तस्दीक हो गई। बुधवार को आरोपी को रिश्वत की बाकी रकम लेना था उसी दौरान पकड़ने की रणनीति थी लेकिन वह भाग गया। ऐसा लगता है कि आरोपी ने टीम के किसी आरक्षक या सदस्य को पहचान लिया था। लोकायुक्त ने तहसीलदार मानवेंद्र से पकड़वाने में मदद मांगी। तहसीलदार ने 4 घंटे तक तलाशने में मदद की लेकिन वह हाथ नहीं लगा।
बताया गया कि लोकायुक्त पुलिस दोपहर 1 बजे तहसील कार्यालय पहुंची थी। शिकायतकर्ता नारायण सोनी को केमिकल लगे नोट देकर तहसीलदार कार्यालय में भेजा। शिकायतकर्ता रुपए लेकर बाबू के पास हंसते हुए पहुंचा जिसके हावभाव से रीडर को लोकायुक्त की दबिश का शक हो गया। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बाद ऑफिस से बाहर आया तो तत्काल लोकायुक्त पुलिस अंदर पहुंच गई लेकिन तब तक बाबू फरार हो चुका था। बताया गया कि शिकायतकर्ता के बाहर आने और टीम के अंदर जाने में महज 2 मिनट का अंतर था। लोकायुक्त की ट्रेप टीम में शामिल उप पुलिस अधीक्षक राजेश पाठक, निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सहित टीम में शामिल एक दर्जन लोग अब आरोपी की तलाश में दबिश दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications