UP News: योगी सरकार के प्रयास से यूपी के भदोही में भी बनेगा औद्योगिक पार्क, इन लोगों को मिलेगी सुविधा
UP News: योगी सरकार के प्रयासों से अब यूपी के भदोही जिले में भी औद्योगिक पार्क का निर्माण होना है। इसके लिए दस एकड़ जमीन की आवश्यकता है। इसके लिए जमीन की तलाश शुरू हो गयी है।
जिले के अधिकारियों का कहना है कि जमीन की व्यवस्था हो जाने के बाद भदोही जिले में भी औद्योगिक पार्क का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। पार्क बन जाने से उद्यमियों को इससे काफी फायदा होगा।

दरअसल, सरकार की ओर से सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में यूपी के चयनित जनपदों में निजी औद्योगिक पार्क के निर्माण की योजना परवान चढ़ने वाली है।
रिपोर्ट की मानें तो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर‚ कानपुर और बुलंदशहर में भूमि उपलब्ध होने के चलते औद्योगिक पार्क के निर्माण का कार्य पहले से ही प्रारंभ हो चुका है। सरकार द्वारा आदेश जारी किए जाने के बाद भदोही में भी भूमि तलाशी जा रही है।
औद्योगिक पार्क में बिजली, पानी, जल निकासी और सड़क आदि की व्यवस्था सरकार की ओर से की जाएगी। इसके अलावा इस औद्योगिक पार्क में पूर्वाचल के उद्यमियों को स्टांप ड्यूटी में 100 फीसदी छूट मिलेगी और एक फीसदी ब्याज पर लोन भी मिलेगा।
भदोही कालीन नगरी है और यहां के बने कालीन न केवल यूपी और देश में बल्कि विदेशों में भी काफी मशहूर हैं। ऐसे में यहां औद्योगिक पार्क के निर्माण के बाद पूर्वांचल के उद्यमियों के साथ ही कालीन कारोबार से जुड़े भदोही के लोगों के लिए यह सोने पर सुहागा साबित होगा।
फिलहाल जिले में औद्योगिक पार्क बनाने के लिए जमीन की तलाश तेज हो गयी है। रिपोर्ट के मुताबिक कुछ जगहों पर जमीन देखी गई है लेकिन जमीन कम होने के कारण वहां औद्योगिक पार्क बनाना संभव नहीं है। दस एकड़ जमीन मिलने के बाद पार्क का निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications