UP News: भदोही में जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप, पीड़ित बोला- छांगुर बाबा से जुड़ा है पूरा मामला
UP News: उत्तर प्रदेश के भदोही ज़िले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसे ब्रेनवॉश कर जबरन इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया गया। जब उसने विरोध किया तो उसकी दो बेटियों को जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित व्यक्ति ज्योतिर्गमय राय का दावा है कि यह सब एक सुनियोजित साज़िश का हिस्सा है। उसने जिस महिला से आर्य समाज पद्धति से विवाह किया था बाद में पता चला कि वह मुस्लिम समुदाय से है। वहीं से विवादों की शुरुआत हुई।

राय ने बताया कि शादी के बाद उसका पारिवारिक माहौल बदलने लगा। दूसरी बेटी के जन्म के बाद स्थिति और बिगड़ गई। पत्नी के परिवार की तरफ से उस पर लगातार धर्म बदलने का दबाव बनाया जाने लगा जिससे उसे मानसिक तनाव झेलना पड़ा।
पहले से है संदिग्ध गतिविधियों का इतिहास
ज्योतिर्गमय राय ने जिन पर आरोप लगाए हैं उनमें बलरामपुर निवासी जमालुद्दीन उर्फ छांगुर का नाम प्रमुख है। यह वही शख्स है जिसे हाल ही में यूपी एटीएस ने कथित धर्मांतरण नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों के चलते हिरासत में लिया था।
राय का कहना है कि छांगुर ने लखनऊ में उससे मुलाकात की और फिर उसे मानसिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि जब उसने धर्म परिवर्तन से इनकार किया तो छांगुर ने उसकी बेटियों को चाकू की नोक पर बंधक बना लेने की धमकी दी।
लखनऊ में बिताए चार महीने
पीड़ित का कहना है कि नवंबर 2024 में उसकी पत्नी आफरीन दोनों बेटियों को लेकर लखनऊ चली गई थी। वह उनके पीछे-पीछे गया लेकिन वहां उसे और भी ज़्यादा दबाव का सामना करना पड़ा। कई बार धर्म कबूल करने के लिए धमकाया गया।
हालात से परेशान होकर वह बिना धर्म बदले भदोही वापस लौटा और बच्चों की कस्टडी को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर दी। उसने पुलिस को दी गई शिकायत में इन सभी घटनाओं का विस्तृत विवरण दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
भदोही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक एक विशेष जांच टीम गठित कर दी गई है जो आरोपों की तह तक जाएगी। पीड़ित से दो बार पूछताछ की जा चुकी है और आवश्यक दस्तावेज भी मांगे गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी जमालुद्दीन के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। उसके मोबाइल डाटा, सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है ताकि किसी संभावित नेटवर्क का पता चल सके।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी पर पहले भी धर्मांतरण से जुड़े मामलों में संलिप्तता के आरोप लग चुके हैं। खबर है कि वह लोगों को बहला-फुसलाकर धर्म बदलवाता था और इसके लिए अलग-अलग "रेट लिस्ट" भी बनाई जाती थी।
यूपी एटीएस पहले ही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अब इस नए मामले के जुड़ने के बाद जांच का दायरा और भी बड़ा हो सकता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं काम कर रहा।












Click it and Unblock the Notifications