UP Bhadohi: भूमि पैमाइश के लिए रिश्वत मांग रहा था लेखपाल, एंटी करप्शन टीम ने फिल्मी अंदाज में पकड़ा
UP Bhadohi News: उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में भूमि पैमाइश के लिए रिश्वत मांगने वाले लेखपाल को एंटी करप्शन की टीम ने मंगलवार को रहने हाथों गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लेखपाल के खिलाफ भदोही जनपद के औराई थाने में मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
भदोही जनपद के डुडवा कुकरौठी निवासी दुर्गा शंकर यादव द्वारा एंटी करप्शन टीम से शिकायत की गई थी कि भूमि पैमाइश और जमीन के इंतखाब के लिए लेखपाल उसे एक महीने से चक्कर लगवा रहा है। दुर्गा शंकर द्वारा आरोप लगाया गया कि इसके लिए लेखपाल द्वारा दस हजार रुपए की मांग की जा रही है।

दुर्गा शंकर द्वारा शिकायत किए जाने के बाद एंटी करप्शन यूनिट मिर्जापुर द्वारा लेखपाल को पकड़ने की रणनीति बनाई गई और मंगलवार को एंटी करप्शन टीम मिर्जापुर इकाई द्वारा दुर्गा शंकर से लेखपाल को पैसा देने के लिए बात करने को कहा गया। दुर्गा शंकर ने लेखपाल को फोन किया तो उसने बताया कि तहसील के समीप स्थित रिंग मार्केट में वह मिलेगा।
ऐसे में पीड़ित को रुपए देकर एंटी करप्शन की टीम द्वारा तहसील के समीप में स्थित रिंग मार्केट में भेजा गया। रिंग मार्केट में लेखपाल पहले से मौजूद था और दुर्गा शंकर ने जब उसे पैसा थमाया, उसके बाद एंट्री करप्शन की टीम वहां पहुंच गई। टीम द्वारा लेखपाल को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
लेखपाल को गिरफ्तार करने के बाद एंटी करप्शन की टीम उसे औराई थाने पर लेकर पहुंची। औराई थाने में लेखपाल के खिलाफ एंटी करप्शन की टीम द्वारा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। मुकदमा दर्ज करने के बाद लेखपाल के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications