होटल से खाना लेने जा रहे दो भाइयों को बस ने रौंदा, मौके पर ही तोड़ा दम
चंदौसी। यूपी के चंदौसी में रोडवेज बस की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को पुलिस एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने देखते ही दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सम्भल-चंदौसी मार्ग पर जाम लगा दिया।

क्या है पूरा मामला
गांव जनेटा निवासी मल्लू के बेटे साकिर (20) अपने छोटे भाई साजिद (16) के साथ गांव में ही सम्भल-चन्दौसी मार्ग स्थित एक होटल से बाइक द्वारा खाना लेने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह वह होटल के पास पहुंचे तो सम्भल की तरफ से आ रही रोडवेज ने बाइक सवार दोनों भाइयों को रौंद दिया। हादसा देख आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े तो चालक बस लेकर फरार हो गया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी होने पर नरौली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से चन्दौसी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर आई, जहां डॉक्टर ने देखते ही दोनों को मृत घोषित कर दिया।

गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम
दो भाइयों की मौत की जानकारी से गुस्साए ग्रामीणों ने सम्भल-चन्दौसी मार्ग स्थित जनेटा गांव में जाम लगा दिया। जाम के चलते मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारे लग गई। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा रहा है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बता दें, मल्लू के परिवार ने शनिवार की शाम होटल का खाना खाने का मन बनाया। इसलिए परिजनों ने दोनों भाइयों को गांव के ही होटल से खाना लाने को कहा। जब साकिर बाइक निकालकर भाई के साथ खाना लाने के लिए चला तो परिजनों ने पैदल ही खाना लाने को कहा, लेकिन वह नहीं माने। अगर दोनों भाई परिजनों की बात मान लेते और पैदल खाना लेने जाते तो शायद दोनों की जान बच जाती।












Click it and Unblock the Notifications