Saharanpur: कोरोना संक्रमित के लिए नहीं मिली एंबुलेंस, शव को ई-रिक्शा में लादकर पहुंचाया श्मशान
सहारनपुर, मई 12: सहारनपुर में कोरोना वायरस का संक्रमण का कहर लगातार जारी है। जानलेवा संक्रमण से लोगों की मौतों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। इसी बीच सहारनपुर जिला अस्पताल का बेहद चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। एक बुजुर्ग की कोरोना से मौत हो गई। 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस को बुलाया गया, पुलिस से मदद मांगी गई, लेकिन कई बार प्रयास के बाद भी न एंबुलेंस पहुंची और न ही कोई शव वाहन आया। इसके बाद कुछ लोगों ने मजबूरन शव को ई-रिक्शे पर लादकर खुद श्मशान घाट पहुंचाया।

कोरोना संक्रमित होने के बाद होम आईसोलेट थे बुजुर्ग
सहारनपुर के मोहल्ला कपिल विहार में रहने वाले बुजुर्ग पिछले दिनों कोरोना संक्रमित हो गए थे। वह होम आइसोलेट थे। मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। बताया गया कि रिश्तेदार और पड़ोसियों ने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी, लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। इसके बाद कोरोना संक्रमित लोगों का अंतिम संस्कार कराने में जुटी नुमाइश कैंप की टीम को जानकारी दी गई। उन्होंने अंतिम संस्कार के लिए शव को नुमाइश कैंप भिजवाने के लिए कहा। इसके बाद परिजनों ने कपिल विहार से शव को सील कर ई-रिक्शा के जरिए ही श्मशान घाट पहुंचाया, जहां पर युवकों ने विधि-विधान से बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कराया।
502 नए केस, सात लोगों की मौत
जनपद में मंगलवार को 502 नए संक्रमित मिले, जबकि कोरोना से सात लोगों की मौत हो गई। जिले में अभी तक हुई मौतों का आंकड़ा 346 पर पहुंच चुका है। कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 27482 हो गई है। मंगलवार को 1121 मरीज ठीक भी हुए। इनके बाद जनपद में एक्टिव मरीजों की संख्या 6915 रह गई है। मंगलवार को मिले संक्रमितों में गंगोह और महेशपुर के 14-14, नवीन नगर और सरकड़ी के नौ-नौ, नकुड़, सीएचसी और पीएचसी के आठ-आठ, आवास विकास, एनएनटी, हिम्मतनगर, रामपुर मनिहारान के सात-सात, जाफर नवाज, रेलवे स्टाफ, नागल, हकीकतनगर, मेहरवानी और पटेल नगर के पांच-पांच, होजखेड़ी, जिला अस्पताल परिसर, काशीपुर, डीएम आवास रोड, पंजाबी कॉलोनी, सुभाष नगर, शिव विहार के चार-चार और राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर, रामखेड़ी, साढौली भूर, रणखंडी, मीरकोट, ब्रिजेश नगर, नुमाइश कैंप, बाजोरिया रोड, माधोनगर, नवीन नगर, साढौली कदीम, हसनपुर, जनकपुरी, जनकनगर, गिल कॉलोनी के तीन-तीन लोग शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications