Apache helicopter: तकनीकी खराबी के चलते खेत में उतरा भारतीय वायुसेना का हेलीकॉप्टर, पायलट सुरक्षित
Apache helicopter India: शुक्रवार सुबह सहारनपुर के जोधेबांस गांव के ऊपर अचानक आसमान में एक तेज आवाज गूंजी। ग्रामीणों की नजर जब एक भारी-भरकम हेलीकॉप्टर पर पड़ी, तो हर कोई चौंक गया। हेलीकॉप्टर धीरे-धीरे खेतों की ओर उतर रहा था।
यह नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। भारतीय वायुसेना का अत्याधुनिक अपाचे AH-64E हेलीकॉप्टर तकनीकी कारणों से खेत में उतरा। इस दौरान पायलटों ने अद्भुत सूझबूझ दिखाते हुए आपात स्थिति में भी लैंडिंग को पूरी तरह सुरक्षित बनाया।

घटना शुक्रवार की सुबह 8:45 बजे के करीब की है। यह हेलीकॉप्टर सरसावा एयरबेस से रूटीन प्रशिक्षण मिशन पर था। उड़ान के दौरान सिस्टम में चेतावनी संकेत दिखाई दिए। संकेत मिलने के बाद तत्काल लैंडिंग का निर्णय लिया गया।
खेत में लैंडिंग, फिर उमड़ी भीड़
हेलीकॉप्टर के खेत में उतरते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण खेतों की ओर दौड़ पड़े। किसी को लगा कुछ बड़ा हादसा हो गया है। हालांकि समीप जाकर देखने पर जब पता चला कि पायलट सुरक्षित हैं तो लोगों ने राहत की सांस ली।
गांव में हेलीकॉप्टर उतरने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस और सेना के अधिकारी जल्द पहुंच गए। पूरे इलाके को घेराबंदी में लिया गया। लोगों को दूर हटाया गया और वायुसेना की तकनीकी टीम ने जांच शुरू कर दी।
वायुसेना ने इसे बताया 'प्रीकॉशनरी लैंडिंग'
भारतीय वायुसेना ने बयान जारी करते हुए बताया कि यह एक 'प्रीकॉशनरी लैंडिंग' थी। यानी स्थिति नियंत्रण में थी, लेकिन सावधानी के तौर पर जमीन पर लाया गया। इस लैंडिंग के दौरान किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है।
यह भी बताया गया कि पायलटों ने जिस तरह समय रहते निर्णय लिया, वह उनकी ट्रेनिंग और दक्षता का हिस्सा है। हेलीकॉप्टर को बाद में सुरक्षित एयरबेस पर वापस ले जाया गया। इस हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
यह भी बता दे कि यह पहली बार नहीं हुआ है। पूर्व में ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 2020 में होशियारपुर और 2023 में भिंड जिले में अपाचे हेलीकॉप्टरों को खेतों में आपात लैंडिंग करनी पड़ी थी। दोनों मामलों में पायलट सुरक्षित रहे थे।
ग्रामीणों में डर के साथ-साथ कौतूहल
गांव के ही एक किसान रामपाल ने इस बारे में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए बताया कि पहले तो लगा कि हेलीकॉप्टर गिर गया। लेकिन जब देखा कि सब सही है, तो राहत मिली। गांव के बच्चे और बुजुर्ग भी दूर से हेलीकॉप्टर को निहारते रहे।
लोगों ने पायलटों की बहादुरी की सराहना की। यह भी बता दें कि अपाचे AH-64E को दुनिया का सबसे घातक अटैक हेलीकॉप्टर माना जाता है। भारत ने 2015 में अमेरिका की बोइंग कंपनी से इसका सौदा किया था, जिसमें 22 हेलीकॉप्टर शामिल थे। अब तक 17 हेलीकॉप्टर भारतीय वायुसेना में शामिल हो चुके हैं। ये पुराने Mi-35 हेलीकॉप्टरों की जगह ले रहे हैं और पठानकोट व जोरहाट जैसे रणनीतिक एयरबेस पर तैनात हैं।












Click it and Unblock the Notifications