कैसा बनेगा 'संत रविदास लोक', जिसका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे भूमिपूजन, पढ़िए खबर
PM मोदी मध्य प्रदेश के सागर में जिस संत रविदास मंदिर की आधारशिला रखेंगे, भूमिपूजन करेंगे वह मंदिर 100 करोड़ की लागत से 11 एकड़ में बनेगा। मंदिर की खासियत होगी कि यह नागर शैली में बनाया जाएगा। इसमें संत शिरोमणि के जीवन पर आधारित म्युजियम, आर्ट गैलरी भी होगी।


म्यूजियम के अंदर 4 गैलरी तैयार होंगी
म्युजियम 14 हजार वर्गफीट में बनेगा। जिसमें चार गैलरी भी बनाई जाएंगी। प्रथम गैलरी में संत रविदास महाराज के जीवन को प्रदर्शित किया जाएगा। दूसरी गैलरी संत रविदास महाराज के भक्ति मार्ग और निर्गुण पंथ में योगदान पर आधारित होगी। तीसरी गैलरी संत रविदास के दर्शन का विभिन्न मतों पर प्रभाव और रविदासिया पंथ पर केंद्रित रहेगी। चौथी गैलरी में संत रविदास के काव्योचित, साहित्य व समकालीन विवरण का समावेश रहेगा। इसके अलावा लाइब्रेरी और संगत हाल में संत रविदास महाराज के भक्ति मार्ग व दार्शनिक विचारों के सभी साहित्य का संकलन उपलब्ध होगा। सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त लायब्रेरी भी होगी। कुंड मंदिर परिसर में संत रविदास मंदिर के समीप जलकुंड का प्रतीकात्मक रूप से निर्माण किया जाएगा।
12 हजार वर्गफीट में बनेगा भक्त निवास
मंदिर परिसर में भक्त निवास का निर्माण लगभग 12000 वर्गफीट में किया जाएगा। जिसमें आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए सर्व सुविधायुक्त वातानकुलित 15 कक्ष बनाए जाएंगे। साथ ही 50 लोगों के ठहरने के लिए डोरमेट्री निर्मित की जाएगी। मंदिर परिसर में आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए 15000 वर्गफीट में सर्व सुविधायुक्त फूड कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। मंदिर के प्रवेश द्वार के पास लगभग 1940 वर्गफीट के दो गजीबो निर्मित किए जाएंगे। संत रविदास महाराज के जीवन वृतांत का चित्रण सभी परिसर में म्युरल स्कल्प्चर के माध्यम से किया जाएगा। मंदिर परिसर में दो भव्य प्रवेश द्वार, पार्किंग, सीसीटीवी, फायर फाइटिंग, लाइटिंग आदि की व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। पूरा निर्माण कार्य 99.69 करोड़ की लागत से होगा।












Click it and Unblock the Notifications