किन्नरों के गुस्से के बाद महापौर प्रतिनिधि का यूटर्न, बोले वे सम्मानीय, मैंने ठेस नहीं पहुंचाई
महापौर के पति व प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी अपने किन्नर कमला बुआ का नाम लेकर डायलाग के बाद किन्नर समुदाय के निशाने पर आ गए। विरोध के बाद गलती समझ आई तो यूटर्न लेकर कहा वे तो सम्मानीय हैं, मैंने ठेस नहीं पहुंचाई।

मध्य प्रदेश के सागर में पूर्व महापौर रहीं किन्नर कमला बुआ का नाम लेकर वर्तमान महापौर संगीता तिवारी के पति व प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी द्वारा दिए गए बयान पर किन्नर समाज की अध्यक्ष ने आपत्ति जताते हुए चेतावनी दी तो डॉ. तिवारी ने तत्काल अपनी गलती को सुधारते हुए यूटर्न ले लिया। उन्होंने कहा कि वीडियो एडिट कर चलाया गया, कमला बुआ सम्मानीय हैं, मैंने ठेस नहीं पहुंचाई।
डेयरी विस्थापन के दौरान महापौर के पति व प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी द्वारा तैश में पूर्व किन्नर महापौर कमला बुआ को लेकर बोले डायलॉग के बाद विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बाद कमला बुआ की शार्गिद और गद्दीदार किन्नर किरण सामने आईं और उन्होंने इसे कमला बुआ का अपमान बताते हुए, डॉ. तिवारी के बयान पर आपत्ति जताते हुए माफी मांगने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि तिवारी माफी नहीं मांगते तो पूरा किन्नर समाज धरना-प्रदर्शन करेगा और भविष्य में वे भी चुनाव में ताल ठोकेंगे। किन्नर मुखिया किरण का बयान सामने आने के बाद डॉ. तिवारी की तरफ से सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा गया कि उनका जो वीडियो सामने आया है, उसे एडिट किया गया है, कमला बुआ का वे सम्मान करते हैं, वे सम्मानीय हैं। मैंने ठेस नहीं पहुंचाई है। मैं व्यक्तिगत रूप से किन्नर समाज का सम्मान करता हूं। यदि जाने-अनजाने में किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो मैं खेद प्रगट करता हूं।
Recommended Video
डेयरी विस्थापन से ध्यान भटकाने का प्रयास बताया
महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी ने कहा कि सागर में सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट डेयरी विस्थापन पर काम शुरू हुआ है। इसी दौरान कुछ डेयरी संचालकों ने धमकी के लहजे में कहा था कि किन्नर कमला बुआ जब महापौर थीं, उस समय भी डेयरियों को विस्थापन के प्रयास का मामला सामने आया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ, इस कारण मेरे मुंह से भी उनका नाम निकल गया। वैसे कतिपय लोग डेयरी विस्थापन के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के बयान और ईश्यू को सामने लाकर ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे मुद्दे से हमें ध्यान नहीं भटकाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications