MP: भाजपा के मैनेजमेंट गुरु की प्लानिंग ने कांग्रेस को समेटा, इलाके से बाहर नहीं निकल सके बड़े नेता
सागर, 20 जुलाई। नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के मैनेजमेंट गुरु मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस को तकड़ी पटखनी दी है, उनकी प्लानिंग और योजनाबद्ध तरीके से लड़े गए चुनाव में कांग्रेस के सभी धाकड़ नेता चारो खाने चित्त हो गए। खुरई विधानसभा में कांग्रेस के कभी कद्दावर और दबंग नेता अरुणोदय चौबे के चुनाव से अघोषित रुप से गायब होने से यहां भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज कर ली है। जिले में दूसरे चरण की सात निकायों में 115 सीटों में से 88 पर भाजपा काबिज हो गई।

सागर जिले में नगरीय निकाय निर्वाचन के दूसरे चरण की हुई मतगणना में सभी सात निकायों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अधिक संख्या में विजयी रहे। दूसरे चरण के तहत 115 वार्ड में पार्षद चुने जाने थे। नाम निर्देशन-पत्र जमा करने के दौरान बरोदिया कलां नगर परिषद के सभी 15 वार्ड में 15 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। इसी प्रक्रिया के दौरान बीना और देवरी नगर पालिका में 2-2, बांदरी नगर परिषद में 11 और मालथौन में 12 वार्ड पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हो गये थे। कुल मिलाकर 130 में से 42 पार्षद पूर्व में निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे।
बीना में खुला आप पार्टी का खाता
नगरीय निकाय बीना एवं देवरी नगर पालिका परिषद, बण्डा, शाहगढ़, राहतगढ़, मालथौन और बांदरी नगर परिषदों के शेष 88 पार्षदों के निर्वाचन के लिए मतगणना की गई। इसमें कुल 88 पार्षदों के लिए हुई मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी के 58, कांग्रेस के 18 और 11 निर्दलीय और एक आप पार्टी का उम्मीदवार चुनाव जीतने में सफल रहा।












Click it and Unblock the Notifications