Sagar News: पिता को मिली बेटे के प्रेम विवाह की सजा, लड़की के घरवालों ने अपहरण कर बंधक बनाकर पीटा
Sagar News: मध्य प्रदेश के सागर जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बेटी के प्रेम विवाह करने से नाराज परिवार के लोगों ने लड़के पिता और ताऊ को अगवा कर लिया और उत्तर प्रदेश के एक गांव में ले जाकर कैद कर लिया। उनके साथ मारपीट भी की गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवती के साथ जाकर दोनों को छुड़ाया और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस बीच युवती के परिजनों ने पुलिस पर पथराव भी किया। पथराव के पहले तक आरोपित यह कहते रहे कि हम उत्तर प्रदेश के हैं। मध्य प्रदेश पुलिस हमारा क्या कर लेगी।

जानकारी मुताबिक सागर जिला अंतर्गत, बीना थाना क्षेत्र के गिरोल गांव निवासी उमेश धानक के भाई ने कुछ दिनों पहले ललितपुर जिले के एक गांव निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। युवती के प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजन बातचीत करने बीना आए। उन्होंने आगासौद रोड स्थित शराब दुकान के सामने चाकू की नोक पर उमेश के पिता कल्याण धानक तथा ताऊ धन्नूलाल धानक का अपहरण कर लिया।
Recommended Video
इस दौरान उसी रोड पर महिलाओं ने चप्पलों से पीटा तथा उसका वीडियो भी बनाया। इसके बाद सभी आरोपित दोनों बंधकों को अपने साथ बाइक से उत्तर प्रदेश के बालाबेहट थाना क्षेत्र के एक गांव में ले गए। गांव में लड़की के मामा के घर उन्हें हाथ पैर बांधकर रखा।
इधर, उमेश धानक ने पिता तथा बड़े पापा के अपहरण की जानकारी बीना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने तस्दीक करने के बाद बालाबेहट पुलिस के साथ बंधकों को छुड़ाने दबिश दी।
टीआई विजय राजपूत ने बताया कि जिस गांव में बंधकों को रखा गया था, वह बालाबेहट थाना क्षेत्र का था। हमने लड़की को भी साथ लिया। लड़की ने अपने मामा का घर हमें बताया और हमने वहां दबिश दी। मौके पर दोनों बंधकों को हाथ, पैर बंधे हुए देखा। उनके शरीर पर चोट के निशान भी थे।
आरोपितों ने किया पथराव, मुश्किल से बचे
टीआई ने बताया कि जब हम बंधकों को अपने साथ लाने का प्रयास करने लगे, आरोपितों ने पथराव कर दिया। हमारे साथ उनकी बेटी भी थी। वह उसे रोकना चाह रहे थे, लेकिन हमने बंधकों के साथ-साथ आरोपितों को भी पकड़ा और बीना लेकर आए। यहां आरोपित उत्तम धानक, खुशाल धानक, बादशाह धानक, हरी बाई एवं लच्छीबाई धानक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, चाकू तथा 15 हजार रुपये नकदी भी जब्त की गई है।












Click it and Unblock the Notifications