PM आवास योजना में खुरई MP टॉप, 50 हजार आवास बनाकर रिकॉर्ड कायम किया
समृद्धि सिर्फ विकास से आती है, जातपात की बातों से नहीं: मंत्री भूपेन्द्र सिंह
केंद्र सरकार की पीएम आवास योजना में सागर जिले की खुरई विधानस MP में टॉप पर है। खुरई मप्र का एकमात्र ऐसा विधानसभा क्षेत्र है, जहां पर बीते 9 सालों में 50 हजार प्रधानमंत्री आवास बनाए गए हैं। प्रदेश में और किसी भी इलाके में इस दौरान इतने आवास नहीं बने है। यह जानकारी नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने एक कार्यक्रम में दी है। बता दें कि खुरई मंत्री सिंह का ही विधानसभा क्षेत्र है।

खुरई में आयोजित एक कार्यक्रम में पब्लिक के सामने मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जातपात जैसी बातें चुनावी हथकंडा मात्र होती हैं, समृद्धि सिर्फ विकास करने से आती है, जिसके लिए कड़ी मेहनत करना होती है। उन्होंने कहा कि खुरई मध्यप्रदेश का ऐसा पहला विधानसभा क्षेत्र है। जिसमें बीते 9 साल में 50 हजार पीएम आवास बने हैं। कार्यक्रम के दौरान ही मंत्री ने मालथौन में 7.5 करोड़ रुपए के विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात देते हुए भूमिपूजन किया। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार औसतन प्रति परिवार 2 लाख रुपए का लाभ हर साल दे रही है।
लाड़ली बहना योजना के फॉर्म फिर से भरे जा रहे
मंत्री श्री सिंह ने लाडली बहना योजना के फॉर्म फिर से भरे जाने की जानकारी देते हुए कहा कि इस बार ट्रैक्टर मालिक परिवारों की व 21 साल तक की सभी बहनें लाड़ली बहना योजना के फॉर्म भर सकेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ सपने दिखा रही है और भाजपा सरकार बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपया महीना भेजना शुरू कर चुकी है, जिसे 3 हजार रुपए महीना तक बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे खुरई विधानसभा क्षेत्र में 60 हजार और सिर्फ मालथौन नगर परिषद में 4520 लाड़ली बहनों के खातों में एक हजार रुपए महीना डाले जाना शुरू हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह राशि घर के छोटे मोटे खर्चों में हमारी बहनों को बड़ी सहायता देती है और सक्षम बनाती है।












Click it and Unblock the Notifications