कौन है विधायकी छोड़ने वाले बृज बिहारी? दर्ज नहीं हुई FIR तो थाने पर बैठकर विधानसभा अध्यक्ष को लिख दिया इस्तीफा
MLA Brij Bihari: मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक प्रदीप पटेल के पुलिस अधिकारी के सामने दंडवत होने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि सागर जिले के देवरी से बीजेपी विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने गुस्से में आकर विधानसभा अध्यक्ष को इस्तीफा भेज दिया है।
विधायक बृजबिहारी पटेरिया गुरुवार शाम को किसी पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए थाने में धरने पर बैठ गए थे। जब पुलिस अधिकारियों ने उनकी नहीं सुनी तो गुस्से में आकर उन्होंने लेटर हेड मंगवाया और वहीं से अपना इस्तीफा लिखकर विधानसभा अध्यक्ष को भेज दिया है।

Recommended Video
दरअसल, एक महीने पहले एक बुजुर्ग धनीराम को सांप ने काट लिया था। उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई थी। मृतक का केसली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर ने पोस्टमार्टम भी किया था, जिसके बाद डॉक्टर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट परिजनों को नहीं दिया।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर का कहना है कि आर्थिक सहायता चार लाख रुपए मिली है जिसकी बदले में वो 40 हजार दें तब रिपोर्ट मिलेगा। जब डॉक्टर ने पीएम रिपोर्ट देने से साफ मना कर दिया तब परिजन थाने पहुंचे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

मृतक धनीराम के परिजन भाजपा विधायक बृज बिहारी पटेरिया के यहां पहुंचे। उन्होंने पूरी बात विधायक को बताई। विधायक ने तत्काल केसली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टर दीपक दुबे के खिलाफ मामला दर्ज करने की बात कही। लेकिन थाने में मामला दर्ज नहीं हुआ।
विधायक नाराज होकर अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। इस पूरे मामले में विधायक बृज बिहारी पटेरिया का कहना है कि अगर सत्ता दल के विधायक को धरना देना पड़े, इससे शर्मनाक बात कोई हो नहीं सकती। ऐसी विधायकी मुझे नहीं करना है। मैं अपना पेट भरने के लिए विधायक नहीं बना। मैं जनता की बात करने के लिए विधायक बना हूं। गरीबों की आवाज उठाने के लिए विधायक बना हूं।
वहीं अब इस मामले में कांग्रेस ने भी कटाक्ष करते हुए फेसबुक पर एक पोस्ट करते हुए लिखा है कि जब भाजपा शासन में भाजपा विधायक की ही सुनवाई नहीं हो रही तो आम जनता क्या उम्मीद करेगी।
बृजबिहारी पटेरिया कांग्रेस से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। पहले वे देवरी से ही कांग्रेस के टिकट पर विधायक बन चुके थे। बीते विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मंत्री भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली थी। शिवराज सिंह खेमे से उन्हें टिकट मिला था, जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री हर्ष यादव को शिकस्त दी थी।
कुछ दिनों पहले सागर के नरयावली से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रदीप लारिया अपने क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ-सट्टा से परेशान होकर बार-बार पुलिस को ज्ञापन देते नजर आ रहे थे। कई महीनों तक ज्ञापन देने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी। अब देवरी विधायक ने पुलिस का कार्यप्रणाली से आहत होकर विधानसभा अध्यक्ष को इस्तीफा भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications