डीएम कार्यालय में अधिकारियों को नहीं मिलेगा पानी, खुद ले जाना पडेगा
सागर, 6 जून
मप्र के सागर जिला मुख्यालय पर स्थित कलेक्टोरेट भवन के किसी भी कार्यालय में अब अधिकारी-कर्मचारी को बोतल बंद पानी नहीं मिलेगा। उन्हें अपने घर से पानी की व्यवस्था कर आना होगा। मंगलवार से यहां पर कलेक्टर सहित तमाम अधिकारी खुद के लिए पानी की खुद व्यवस्था करके आएंगे, अन्यथा प्यासा रहना पडेगा। हालांकि आम पब्लिक के लिए यहां पर वाटर कूलर की सुविधा दी गई है।

दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पर्यावरण संरक्षण के अभियान को आगे बढाते हुए सागर के डीएम दीपक आर्य ने कलेक्टोरेट में प्लास्टिक की बोतलों में आने वाला पानी बंद करा दिया है। सोमवार को उन्होंने जिले के तमाम आला अधिकारियों की बैठक में कहा कि कल से आप लोग स्वयं के लिए पानी की व्यवस्था करके आएं। यहां प्लास्टिक की बोतलों में पानी अब सर्व नहीं किया जाएगा। घर से निकलने के पहले आप सभी अपनी बोतल लेकर चलें ताकि प्यास लगने पर परेशानी न हो। कलेक्टर दीपक आर्य ने बताया कि पर्यावरण की दृष्टि से यह पहल प्रारंभ की जा रही है, जिसके अनुसार अब कलेक्टोरेट कार्यालय में प्लास्टिक की बोतलों से पानी सप्लाई नहीं होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से स्वयं की वॉटर बॉटल लेकर चलने की अपील की है।
एडीएम करेंगे मॉनीटरिंग
अपर कलेक्टर अखिलेश जैन द्वारा इस पहल की मानिटरिंग की जाएगी एवं कार्यालयों की बैठकों में प्लास्टिक की बॉटल में पेयजल प्रदाय न हो इस पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि समस्त अधिकारी कर्मचारी अपने साथ पानी के लिए स्वयं की वॉटर बॉटल लेकर आएं। अपर कलेक्टर अखिलेश जैन ने बताया कि कलेक्टर आर्य के निर्देश पर अभिनव पहल की शुरुआत कलेक्टर कार्यालय से प्रारंभ होगी बाद में जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में भी लागू की जाएगी।
कलेक्टोरेट में जब भी मीटिंग होगी खुद का पानी लाना होगा
विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा पानी बचाने, पेड़ लगाने, विद्युत खपत कम करने, कार्बन उत्सर्जन कम करने के निर्देश दिए गए है। अत: सभी अधिकारियों से आग्रह किया गया है कि जिला कार्यालय की मीटिंग में आने पर साथ में अपनी अपनी पानी की बॉटल लाएं, कलेक्टर कार्यालय की बैठकों में प्लास्टिक की बॉटल मे पानी सप्लाई नही होगा।












Click it and Unblock the Notifications