BPCL रिफाइनरी में मेनटेनेंस करने वाले दो दर्जन मजदूर बीमार, प्रशासन में हड़कंप
बीपीसीएल की बीना रिफाइनरी कंपनी में शट डाउन कर मेनटेनेंस चल रहा है। इसके लिए करीब 20 हजार मजदूर और एक्सपर्ट देश के विभिन्न इलाकों से यहां आए हैं। इनमें मजदूर रिफाइनरी के बाहर किराए से रह रहे हैं। इन्हीं में से दर्जनों मजदूरी एकदम से बीमार हो गए। सूचना मिलने पर रिफाइनरी, जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी अनुसार रिफाइनरी में चल रहे एक माह के शट डाउन के लिए बड़ी संख्या में दूर दराज से मजदूर काम करने आए हैं। बारिश के दौरान यह मजदूर जहां जगह मिली, वहीं किराए पर रहने लगे। ऐसे ही करीब दो दर्जन मजदूर दूषित खाना व गंदे पानी का सेवन करने से बीमार हो गए। बीती रात इन मजदूरों को सबसे पहले बीना रिफाइनरी अस्पताल में भर्ती कराया था। बाद में इनको बीना सिविल अस्पताल लाया गया। इधर प्रशासन ने रात में ही डॉक्टरों की टीमें भेजकर रिफाइनरी के बाहर आसपास के गांवों में रह रहे मजदूरों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया है।
बिहार के मजदूर सबसे ज्यादा प्रभावित
जानकारी अनुसार राजकुमार पिता महेश पासवान (21), रवि कुमार पिता लालमोहर (24), लालबाबू पिता दिलीप सिंह (25), सरोज पंडित पिता श्रीकांत पंडित (22) सभी आरा बिहार के रहने वाले हैं। यह रेडियंट कंपनी में पाइप लाइन का काम करने 20 जून को बीना आए हैं। सभी अपने अन्य साथियों के साथ रिफाइनरी के गेट नंबर एक के पास किराए से रहते हैं। रात में मजदूरों ने खाना बनाया और सभी ने आलू टमाटर की सब्जी खाई। रात में सरोज पंडित ड्यूटी चला गया, वहां उसे उल्टियां होने लगीं। अन्य की तबियत भी बिगड़ने लगी। सभी को साथी मजूदरों ने रिफाइनरी अस्पताल भर्ती कराया।
करीब 15 मजदूर शुक्रवार को भर्ती थे
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरे ने बताया कि उल्टी-दस्त से राजा दांगी, भरोसी अहिरवार, इंदिराबाई, कीर्ति, गंगा, गया बाई, रामलाल, पवन, मथुरा प्रसाद,अजब सिंह, राजा, मलखान ,लक्ष्मी दांगी, उमा, वीर सिंह सहित अन्य श्रमिक पीड़ित थे। जिनको उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि सभी श्रमिक पूर्णता स्वस्थ हैं और लगातार उनका स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए संबंधित स्थानीय डॉक्टरों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के लिए पानी परीक्षण हेतु कहा गया है जोकि दो दिन में क्षेत्र के हैंडपंपों एवं अन्य जल स्रोतों का पानी परीक्षण कर दवा का छिड़काव करेगी।












Click it and Unblock the Notifications