'दाह संस्कार में जा रहा हूं; कोई बहाना नहीं मिला तो छुट्टी के लिए जिंदा छात्र को मार डाला, गजब का है ये मामला
MP News: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से शिक्षक का अजीबोगरीब कारनामा उजागर हुआ है। प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक हीरालाल पटेल ने छुट्टी लेने के लिए कक्षा 3 के जिंदा छात्र जितेंद्र कोरी को मृत बताया। इस पर छात्र के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई है। जिला कलेक्टर ने टीचर को सस्पेंड कर दिया है।
नईगढ़ी इलाके में स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय चिगिरका टोला में पदार्थ हीरालाल पटेल छुट्टी चाहते थे। इसलिए उन्होंने विद्यालय रजिस्टर में लिखा, मैं हीरालाल पटेल प्राथमिक शिक्षक, छात्र जितेंद्र कोरी के निधन के कारण उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा हूं।

जब यह बात जितेंद्र के परिजनों को पता चली तो उनके होश उड़ गए। जितेंद्र तो बिल्कुल ठीक था। उसके पिता रामसरोज कोरी को टीचर की यह हरकत बिल्कुल रास नहीं आई। उन्होंने नईगढ़ी थाने में टीचर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। रामसरोज ने शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामला जिला कलेक्टर अजय श्रीवास्तव तक पहुंचा। कलेक्टर ने मामले की गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की है। उन्होंने शिक्षक हीरालाल पटेल को निलंबित कर दिया। साथ ही, मामले की जांच के आदेश भी दिए हैं।
डीपीसी सुदामा लाल गुप्ता को इस मामले की जांच की ज़िम्मेदारी सौंपी है। कलेक्टर अजय श्रीवास्तव ने शिक्षक की इस हरकत को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि एक जीवित बच्चे को मृत बताकर छुट्टी लेना सरकारी कामकाज के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications