रांचीः जाना था ब्यूटी पार्लर और प्रेमी के साथ महिला पहुंच गई जम्मू और पिता मानते रहे मर गई बेटी
रांची। झारखंड की राजधानी रांची शहर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां कई दिनों से लापता चल रही बेटी को मृत मान घर वाले एक लाश को उसका मानकर चल रहे थे, उस बेटी को पुलिस ने रेलवे स्टेशन से बरामद किया है। इस मामले का खुलासा होते ही परिजन हैरान रह गए। क्योंकि बेटी के लापता होने का कारण जान घरवाले स्तब्ध रह गए।
पुलिस ने रेलवे स्टेशन से बरामद किया
दरअसल, रांची शहर के बरियातू के कुसुम विहार रोड नंबर चार स्थित कौशल्या अपार्टमेंट से रूपा रंजन लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजन नगड़ी इलाके में मिली लाश को बेटी की लाश का दाव कर रहे थे। बुधवार को पुलिस ने विवाहिता रूपा को मुरी रेलवे स्टेशन से बरामद किया। जबकि पिता ने एक दिन पहले ही पुलिस पर अनदेखी का आरोप लगाया था।
ससुराल वालों से तंग होकर भागी
पुलिस की पूछताछ में रूपा ने बताया कि वह अपने पति और ससुराल वालों से तंग होकर कथित प्रेमी संग भाग गई थी। वह घर से ब्यूटी पार्लर के नाम पर निकल गई थी। इसके बाद उसने अपने दोस्त नीतीश कुमार को रांची के दिव्यायन चौक के पास बुलाया और कार में बैठकर सीधा पटना चली गई। पटना में वह एक दिन रुकी और फिर दोस्त के साथ जम्मू रवाना हो गई।
प्रेमी ने बोला पिता के पास लौट जाने को
जम्मू में वह करीब एक महीने तक रही। विवाहिता ने बताया कि वह कुछ दिनों तक नीतीश के साथ रही। बाद में नीतीश पटना लौट गया। फिर उसे जम्मू से बुलाया और पिता के पास जाने को कहा। वहां से वह पटना लौटी। जनशताब्दी एक्सप्रेस से पटना से रांची लौट रही थी। इसी बीच पुलिस ने उसे मुरी रेलवे स्टेशन से उसे बरामद कर लिया। पुलिस ने कोर्ट में रूपा का 164 के तहत बयान भी दर्ज करवाया।
फेसबुक से हुई थी दोस्ती
इसके बाद पुलिस ने विवाहिता को उसके घरवालों के हाथों सौंप दिया। विवाहिता ने पुलिस को बताया कि फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती नीतीश से हुई थी। वहीं नीतीश ने कहा है कि पति से तलाक लेने के बाद वह रूपा से शादी कर लेगा। वहीं रूपा के पिता ने कहा कि रूपा की दोस्ती के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।