रांचीः महिला को डायन बताकर कुल्हाड़ी से काट डाला, मंजर देख हर कोई रह गया हैरान
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में अंधविश्वास का घिनौना खेल सामने आया है, जहां महिला पर डायन का आरोप लगाकर उसकी हत्या कर दी पुलिस ने दावा किया है कि इसी आरोप के चलते युवक ने महिला की हत्या की। हत्यारोपित को हथियार सहित पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले की छानबीन अभी भी जारी है। मृतक महिला की उम्र 56 वर्ष बताई जा रही है। बता दें कि इससे भी पहले अंधविश्वास के चलते लोगों की हत्याएं हुई हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लापुंग थाना क्षेत्र के चलांगी फुटकल टोली गांव में वारदात को अंजाम दिया गया है। मृतक महिला की पहचान चालमनी होरो के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपित युवक बुधवा होरो ने घटना को अंजाम दिया है। आरोपित ने टंगिया से महिला को मौत के घाट उतारा। आरोपित भी इसी गांव का निवासी है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी सुशील मरांडी ने मीडिया को जानकारी दी कि आरोपित का पहले भी महिला से विवाद हो चुका था।
आरोपित को इस बात का शक था कि महिला डायन है। इसके चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। बता दें कि रांची में डायन बिसाही के शक में हत्या की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी साल मार्च महीने में रांची के कादोपानी थाना क्षेत्र के स्कूलटोली गांव में डायन बिसाही का आरोप लगाकर एक महिला की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भी गांव के अनुरंजन कुल्लु ने अपने पड़ोस में ही रहने वाली महिला रोजालिया कुल्लु को डायन बताकर उसपर हमला कर दिया।
वारदात में धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया. बोलबा थाना क्षेत्र में भी करीब साल भर पहले इसी तरह का एक मामला सामने आया था। हालांकि दोनों ही मामलों में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सोनीपत: पुलिसकर्मियों की हत्या का मामला, रविंद्र के हाथ पर लिखे नंबर ने पहुंचाया अपराधियों तक