झारखंड: अंग्रेजी कमजोर होने की वजह से 'हिंदी मीडियम' की छात्रा ने पंखे से लटककर फांसी लगाई
रांची। झारखंड की रहने वाली एक 19 वर्षीय छात्रा ने तमिलनाड़ु के तिरुच्चिराप्पल्ली में आत्महत्या कर ली। सफारा परवीन नामक छात्रा ने अपनी 12वीं तक की पढ़ाई हिंदी मीडियम स्कूल से की थी। उसने बीएससी की पढ़ाई तिरुच्चिराप्पल्ली के एक कॉलेज से शुरू की थी। मगर, वहां पूरा कोर्स अंग्रेजी में होने की वजह से परवीन परेशान हो गई। उसकी हिंदी अच्छी थी, लेकिन वह अंग्रेजी में कमजोर थी। ऐसे में वह तनाव में रहने लगी। कोई रास्ता न सूझता देख उसने हॉस्टल के कमरे में ही अपना जीवन समाप्त कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी लाश बरामद की।

कमरे में पंखे से लटकी मिली झारखंड की छात्रा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कॉलेज में कोर्स अंग्रेजी में था, जिस वजह से परवीन अपनी खराब अंग्रेजी के चलते पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही थी। ऐसे में उसने एग्जाम के लिए तैयार होने का बहाना बनाकर कमरा अंदर से लॉक कर लिया और फांसी लगा ली। उसकी लाश हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटकी मिली।

8—11 नवंबर को दिए फर्स्ट सेमेस्टर के एक्जाम
बकौल इंस्पेक्टर सहाय अंबरासू, ''सफारा ने 12वीं तक की पढ़ाई हिंदी मीडियम स्कूल से की थी। ग्रेजुएशन करने के लिए उसने बीएससी (न्यूट्रिशन ऐंड डायटेटिक्स) का कोर्स ज्वॉइन किया था। इन दिनों वह पहले सेमेस्टर के एग्जाम दे रही थी। 8 और 11 नवंबर को उसने 2 एग्जाम दिए, मगर इस दौरान उसे लगा कि उसका पेपर अच्छा नहीं हुआ। जिसकी वजह खराब अंग्रेजी थी।

सफारा की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी
प्रारंभिक पड़ताल में पता चला कि सफारा ने अपने एग्जाम को लेकर अपनी रूममेट से बात की थी। उसने बताया था कि एग्जाम अच्छे नहीं हुए। उसकी आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी और उसे एक एनजीओ की मदद से इस कॉलेज में दाखिला मिला था।