VIDEO: दहेज के लिए पहले मायके भगाया, फिर वापस लाकर महिला को बच्ची के साथ जिंदा जलाया
रामपुर। उत्तर प्रदेश में एक महिला और उसकी तीन महीने की बच्ची को जिंदा जला दिया गया। यह वारदात महिला के ससुराल में हुई, जहां उसके शौहर और अन्य ससुरालियों ने वारदात को अंजाम दिया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची। मगर, तब तक मृतका के शौहर समेत पूरा परिवार घर से फरार हो गया। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उससे मारपीट होती थी। तंग आकर वह मायके चली गई। शौहर उसे फिर ससुराल ले आया। बीती रात उसे पीटा गया। उसे और उसकी बच्ची को जलाकर मारा गया।
रामपुर के पुलिस अधीक्षक अजय पाल शर्मा ने बताया कि महिला और उसके बच्ची के जले हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। जांच-पड़ताल के बाद हत्यारोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। यह पता चला है कि महिला दहेज प्रताड़ना झेल रही थी। ससुराल वालों खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। हालांकि, अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। वहीं, मृतक महिला के भाई मोहम्मद जावेद ने कहा कि बहन को जलाने के बाद सभी ससुराली फरार हो गए हैं। वे उसे बहुत प्रताड़ित करते थे।