महिला कार्यकर्ताओं से अभद्रता पर भड़के आजम, बोले- हद में रहे जिला प्रशासन
रामपुर। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और सांसद आजम खान पर दर्ज कराए गए मुकदमों के विरोध में महिलाओं ने गांधी समाधी पर प्रदर्शन किया। महिलाएं मुकदमा वापस लेने की मांग कर रही थीं। इस दौरान वहां पुलिस आ गई और महिलाओं को बिना अनुमति प्रदर्शन करने से रोका। इस पर महिलाओं की पुलिस से नोकझोंक होने लगी। इससे काफी देर तक हंगामे की स्थिति रही। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने महिलाओं के साथ अभद्रता भी की।
पुलिस द्वारा महिलाओं के साथ अभद्रता करने पर आजम खान ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन रामपुर के हालात खराब करने की हर संभव कोशिश कर रहा है। आजम खान ने रामपुर में प्रेस वार्ता करते हुए कहा, 'जिला प्रशासन ने रामपुर में होने वाले उपचुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दी है'। महात्मा गांधी राष्ट्रपिता हैं, उनकी समाधि पर तो धारा 144 लागू हो ही नहीं सकती है। मैं इस मुद्दे को लोकसभा में उठाऊंगा। लोकसभा अध्यक्ष से बात करूंगा। पूरे देश को बताऊंगा कि रामपुर में महिलाओं के साथ पुलिस कैसा व्यवहार करती है।
आजम खान ने कहा कि क्या अब इस देश में विपक्ष को अपनी बात कहने का हक नहीं है। यह तो मौलिक अधिकारों का हनन है। क्या सपा और भाजपा के लिए अलग-अलग कानून है। अगर जिले में धारा 144 लागू है तो सोमवार को कलक्ट्रेट में जहां गांधी समाधि के मुकाबले ज्यादा भीड़भाड़ होती भाजपा नेताओं को कैसे प्रदर्शन करने दिया गया। पुलिस ने उनको क्यों नहीं रोका। अगर भाजपा नेताओं ने जबरदस्ती प्रदर्शन किया है तो पुलिस उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करे। आजम खान ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि वह अपनी हद में रहे।
ये भी पढ़ें:-यूपी: कानून व्यवस्था पर योगी सरकार के जवाब पर प्रियंका ने किया पलटवार