मंदिर दर्शन कर लौट रहे दंपति को बस ने मारी टक्कर, पति के सामने ही पत्नी की दर्दनाक मौत
Gujarat News, जामनगर। गुजरात में जामनगर रेलवे स्टेशन के पास बाइक सवार दंपति का बस से एक्सीडेंट हो गया। पति के सामने ही बस का पहिया पत्नी के सिर से गुजरा और मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह दंपति मंदिर दर्शन करके घर लौट रहा था। तभी जड़ेश्वर रोड पर उनकी बाइक से प्राइवेट बस आ टकराई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

हादसे के शिकार दंपति की पहचान खंभालिया के रहने वाले 60 वर्षीय कांतिलाल खाणधर एवं उनकी पत्नी हीराबेन के रूप में हुई। दोनों मंदिर दर्शन के लिए गए थे। सोमवार को लौटते वक्त हीराबेन के सिर से बस का टायर गुजरा। मौके पर ही तड़पते हुए उसकी जान चली गई।
वहीं, पति कांतिलाल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल भेजा गया। इस मामले में पुलिस का कहना है कि कांतिलाल की शिकायत के आधार पर प्राइवेट बस के ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

भयंकर टक्कर से झाड़ियों पर गिरे पति-पत्नी, मौत
गुजरात में ही सुरेंद्रनगर के मूली क्षेत्र में भी एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति को कुछ इसी तरह रौंद दिया था। वे दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर टकराए थे और फिर उनके मृत शरीर झाड़ियों पर जा गिरे। उनकी बाइक के भी परखच्चे उड़ गए थे। रोड से गुजरते एक कार चालक ने पुलिस को इस हादसे की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से दोनों शवों को कब्जे में लिया। हादसे की भेंट चढ़े पति-पत्नी की पहचान गढ़डा गांव के रहने वाले जगदीशभाई अगोला और पत्नी रंजनबेन के रूप में हुई। वे दोनों साथ बाइक पर जा रहे थे। दोनों तरणेतर रोड पर थे, तभी किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मारी।












Click it and Unblock the Notifications