गुजरात में शुरू होगा हेल्थ एटीएम, आप घर बैठे मोबाइल पर ही ले सकेंगे 40 तरह की जांचों की रिपोर्ट
भावनगर। ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए गुजरात में पहली बार हेल्थ एटीएम की सुविधा शुरू की जा रही है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत हेल्थ एटीएम को पहले गुजरात के भावनगर के महुआ इलाके में स्थापित किया जाएगा। इस हेल्थ एटीएम से न सिर्फ 40 तरह के टेस्ट होंगे, बल्कि इसकी रिपोर्ट घर बैठे मोबाइल पर भी मिल जाएगी। यह मशीन बेसिक से लेकर वजन, मलेरिया और हीमोग्लोबिन समेत आंख और त्वचा के टेस्ट करने में सक्षम है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इस मशीन के जरिए चेकअप करके कुछ ही समय में रिपोर्ट भी दी जा सकती है। जिला विकास अधिकारी वरुण कुमार बरनवाल का कहना है कि इस मशीन को स्टार्ट-अप कंपनी 'योलो' ने तैयार किया है। जिसमें बेसिक टेस्ट से लेकर वजन, ब्लड प्रेशर, टैंपरेचर, हीमोग्लोबिन, मलेरिया, ईसीजी, यूरिन और आंख-त्वचा से जुड़े 40 तरह के टेस्ट हो सकते हैं।

इतना ही नहीं, लोग डॉक्टर से ऑनलाइन परामर्श भी ले सकेंगे। यह सुविधा श्यामाप्रसाद मुखर्जी अर्बन हेल्थ योजना के तहत उपलब्ध कराई जाएगी। मंजूरी मिलते ही महुआ इलाके में काम शुरू कर दिया जाएगा। तस्वीरों में आप यह मशीन देख सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications