ASI खुशबू का अंतिम संस्कार, मौत की वजहें पता नहीं चलीं, पिता बोले- बेटी नहीं मैंने अपना बेटा खोया
राजकोट। गुजरात में राजकोट के यूनिवर्सिटी पुलिस थाने की एएसआई खुशबुबेन की लाश की अंत्येष्टि उसकी मौत के कई दिनों बाद हुई है। शहर से उसकी लाश को जामजोधपुर ले जाया गया, जहां शहीदों को मिलने वाले सम्मान के साथ दाह-संस्कार किया गया। इस दौरान खुशबू के माता-पिता उसके गम में होश खो बैठे। मां तो बेहोश ही हो गईं। वहीं, पिता ने कहा कि मैंने बेटी नहीं अपना बेटा खोया है।' उन्हें ये लग ही नहीं रहा कि उनकी बेटी आत्महत्या कर सकती है। परिजनों का कहना है कि खुशबू का मर्डर हुआ है।
एएसआई खुशबू और उसके साथी सिपाही की लाश मिली थी
बता दें कि, गुरुवार को राजकोट के कालवाड़ रोड इलाके में स्थित आवास योजना के क्वार्टर से महिला एएसआई और पुरुष कॉन्स्टेबल की लाशें बरामद हुईं थी। उनकी पहचान 28 वर्षीय एएसआई खुशबुबेन कानाबार एवं 30 वर्षीय रविराजसिंह जडेजा के रूप में हुई थी। शुरूआती पड़ताल में पुलिस ने आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई, मगर फिर सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध कार दिखने पर यह मामला हत्या का लगने लगा।
खुशबू का रविराजसिंह जडेजा से प्रेम-संबंध था?
पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि खुशबुबेन कानाबार और रविराजसिंह जडेजा के बीच प्रेमसंबंध थे। पुलिस को यह भी पता चला है कि खुशबू द्वारा एबॉर्शन भी करवाया गया था। यानी, वह गर्भवती हो गई थी। वह आवास योजना वाले क्वार्टर में रहती थी। जहां गुरुवार की रात रविराजसिंह के साथ थी और सुबह यहीं से दोनों की लाशें बरामद हुईं। दोनों की मौत सर्विस रिवॉल्वर की गोली से हुई। पुलिस द्वारा वहां से लाशों को बिना उनके घरवालों को दिखाए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
खुशबू का वो दोस्त भी आया अंतिम संस्कार में
सोमवार को जब खुशबू का अंतिम संस्कार किया गया तो मौके पर उसका दोस्त विवेक भी मौजूद था। इस केस की खास बात यह है कि विवेक की रिवॉल्वर खुशबु के अपार्टमेंट से ही बरामद हुई थी। ऐसे में पुलिस चकरा गई है कि कहीं विवेक तो इन्वॉल्वड नहीं है। हालांकि, विवेक जांच-पड़ताल में खुद मदद कर रहे हैं।
पुलिस की जांच-पड़ताल से संतुष्ट नहीं खुशबू के परिजन
वहीं, इस बेटी की मौत होने पर खुशबु के परिजन पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उनके द्वारा कई सवाल उठाए गए हैं। जिसमें परिजनों के पहुंचने से पहले ही मृतदेहों को क्यों हटा लिया गया? उसकी हत्या किसने और क्यों की? ही रात को सीसीटीवी में दिखाई देने वाली कार किसकी थी? जैसे सवाल उनके मन में उठ रहे हैं। बहरहाल, पुलिस FSL रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
यह भी पढ़ें: सिपाही और महिला ASI खुद मरे या किसी ने गोली मारी? पुलिस को CCTV में दिखी अब संदिग्ध कार