कौन थे BJP के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना? 80 लोगों की भीड़ ने क्यों की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या?
Attar Singh Bhadana: राजस्थान के भरतपुर जिले में एक पूर्व विधायक की हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। वैर कस्बे के पास हुई इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। जिस नेता की कभी पूर्वी राजस्थान की राजनीति में मजबूत पकड़ मानी जाती थी, उसकी इस तरह मौत होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि घटना के पीछे कोई अचानक शुरू हुआ झगड़ा नहीं, बल्कि लंबे समय से चला आ रहा विवाद था। इस मामले में स्थानीय लोगों के विरोध और खनन कारोबार से जुड़ी कई बातें सामने आई हैं। आखिर कौन थे पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना, राजनीति में उनका कितना प्रभाव था और किस विवाद के चलते उन पर हमला हुआ? आइए जानते हैं पूरा मामला।

कौन थे अतर सिंह भड़ाना?
अतर सिंह भड़ाना राजस्थान की राजनीति में जाना-पहचाना नाम थे। मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले भड़ाना ने पूर्वी राजस्थान, खासकर भरतपुर जिले को अपनी राजनीतिक कर्मभूमि बनाया था। गुर्जर समाज के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी। वे अपने बेबाक बयानों, आक्रामक तेवरों और स्थानीय मुद्दों को उठाने के लिए जाने जाते थे।
ये भी पढ़ें: BJP के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या, गांव वालों ने क्यों किया हमला?
राजनीति के अलावा अतर सिंह भड़ाना खनन और क्रशर के कारोबार से भी जुड़े हुए थे। भरतपुर के वैर क्षेत्र में उनका क्रशर प्लांट था, जिसके संचालन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।
2003 में बने थे भाजपा विधायक
अतर सिंह भड़ाना के राजनीतिक जीवन में वर्ष 2003 का राजस्थान विधानसभा चुनाव काफी महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने भरतपुर जिले की बयाना विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्होंने राजस्थान सामाजिक न्याय मंच के उम्मीदवार ध्रुवेंद्र सिंह को 19,405 वोटों से हराया था।
खास बात यह थी कि उस चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहे थे। विधायक बनने के बाद भड़ाना कांग्रेस में शामिल हो गए। वर्ष 2008 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन बेहद कम अंतर से हार गए।
आखिर क्यों हुई अतर सिंह भड़ाना की पिटाई?
पुलिस जांच के अनुसार, हमले के पीछे क्रशर प्लांट के संचालन और स्थानीय रास्ते व पहाड़ी पर खनन को लेकर चला आ रहा विवाद प्रमुख वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि वैर क्षेत्र में स्थित क्रशर प्लांट और पहाड़ी पर खनन का स्थानीय ग्रामीण करीब दो वर्षों से विरोध कर रहे थे।
इस दौरान ग्रामीणों और क्रशर संचालक के बीच कई बार कहासुनी और झड़पें भी हुई थीं। विरोध में धरने और प्रदर्शन तक किए गए थे। इसी पुराने विवाद को रविवार की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
70 से 80 लोगों की भीड़ ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम अतर सिंह भड़ाना अपने क्रशर प्लांट के पास पहाड़ी पर चल रहे खनन कार्य के दौरान मौजूद थे। इसी दौरान करीब 70 से 80 लोगों की भीड़ वहां पहुंच गई। आरोप है कि भीड़ ने भड़ाना और उनके गनमैन गगन शर्मा को घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों से दोनों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया।
जयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत
हमले के बाद घायल अतर सिंह भड़ाना को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जयपुर ले जाने की व्यवस्था की गई। हालांकि, जयपुर पहुंचने से पहले ही दौसा जिले के महुआ के पास रास्ते में उनकी मौत हो गई।
शुरुआत में चर्चा थी कि भड़ाना को गोली मारी गई है, लेकिन बाद में इस बात को गलत बताया गया। सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज, जयपुर के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी के अनुसार, भड़ाना की मौत गोली लगने से नहीं हुई। शरीर पर गंभीर चोटों के कारण अत्यधिक खून बहना उनकी मौत की वजह बना।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वैर थाने के अधिकारी धीरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू की। पूर्व विधायक की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस की कई टीमें हमले में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने में जुटी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल पुलिस पुराने खनन विवाद और हमले के बीच संबंध की जांच कर रही है। इस मामले में हमलावरों की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने के बाद घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: 17 साल पहले Shweta Tiwari ने BJP सांसद मनोज तिवारी संग खेतों में शूट किया था ऐसा गाना, देखकर लोगों के उड़े होश


Click it and Unblock the Notifications
