अमरजीत सिंह बिश्नोई ने ऐसे रची थी राजू ठेहट की मर्डर की साजिश, पत्नी के जरिए पहुंचाए पैसे
लॉरेंस बिश्नोई व रोहित गोदारा गैंग का बेहद शातिर गैंगस्टर अमरजीत सिंह बिश्नोई इटली से पकड़ा गया है। राजस्थान पुलिस उसे भारत लाने की तैयारी कर रही है। यह सीकर के राजू ठेहट हत्याकांड का दूसरा मास्टर माइंड है।
अमरजीत बिश्नोई पर राजू ठेहट हत्याकांड में शूटरों तक हथियार पहुंचाने, मोबाइल सिम खरीदकर देने और शूटरों के सीकर में रहने-खाने के खर्चे की पूरी व्यवस्था करने के आरोप हैं।

राजस्थान पुलिस एडीजी क्राइम दिनेश एमएन के अनुसार पुलिस जांच में पता चला है कि इटली में पकड़े गए अमरजीत बिश्नोई ने अपनी गाड़ी में एके-47 जैसे हाईटेक हथियार रखने के लिए स्पेशल बॉक्स भी बनवा रखा था। ताकि रास्ते में पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़ा नहीं जा सके।
3 दिसंबर 2022 को राजू ठेहट का सीकर जिला मुख्यालय पर मर्डर हुआ। शूटर उसके घर के बाहर आए और राजू ठेहट के साथ सेल्फी लेने के बहाने गोली मारकर भाग गए थे। राजू ठेहट के मर्डर की पूरी प्लानिंग करके हत्याकांड से पहले अमरजीत सिंह दुबई भाग गया था।
राजू ठेहट हत्याकांड की जांच में जुटी सीकर पुलिस ने बदमाशों के साथ ही एक महिला सुधा कंवर को पकड़ा था, जो अमरजीत सिंह बिश्नोई की पत्नी है।
अमरजीत सिंह ने राजू ठेहट की हत्या के लिए शूटरों को हरियाणा से बुलाया था। फिर शूटर सतीश, जॉनी पहलवान व हिमांशु बॉक्सर को सीकर की एक कोचिंग का स्टूडेंट बनाया और कोचिंग फीस के नाम पर पत्नी सुधा कंवर के जरिए 40 हजार 400 रुपए शूटरों तक पहुंचाए।
राजू ठेहट हत्याकांड में पकड़े जाने के कुछ समय बाद सुधा कंवर जमानत पर जेल से बाहर आई और दुबई चली गई। उधर, अमरजीत दुबई से इटली चला गया और वहां ट्रैपानी शहर में रहने लगा।
अमरजीत सिंह दुबई में रह रही अपनी पत्नी व भारत में गैंग के सदस्यों से इंटरनेट कॉल के जरिए बात किया करता था, मगर शातिर इतना था कि बार-बार वीपीएन बदल लेता था, जिससे पुलिस को उसकी पुख्ता का लोकेशन का पता लगाने में काफी समय लगा।
अब 8 जुलाई 2024 को राजस्थान पुलिस एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की सूचना पर अमरजीत सिंह को इटली की स्थानीय पुलिस ने पकड़ा है। जल्द ही इसे राजस्थान लाया जाएगा। अमरजीत सिंह बीकानेर के बीछवाल थाना इलाका का रहने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications