नाकाबंदी जांचने निजी गाड़ी से निकलीं चूरू SP तेजस्विनी गौतम, लापरवाह ASI समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
चूरू। राजस्थान के चूरू जिले के हमीरवास पुलिस थाने के एएसआई सहित दो पुलिस कांस्टेबलों को नई एसपी तेजस्विनी गौतम ने निलंबित कर दिया है।

चूरू एसपी तेजस्विनी गौतम के औचक निरीक्षण के दौरान नाकाबंदी में लापरवाही बरते जाने पर हमीरवास थाने के एएसआई रामेश्वर और कांस्टेबल संदीप व रामनिवास पर गाज गिरी है। चूरू जिले में सम्भवतया यह पहला मामला है जब किसी पुलिस अधीक्षक ने नाकाबन्दी का औचक निरीक्षण किया और उसमें लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की गई हो।
दरअसल, सोमवार को चूरू जिले में हमीरवास, सिद्धमुख और साण्डवा इलाके में नाकाबन्दी करवायी गयी थी। नाकाबन्दी का एसपी तेजस्विनी गौतम ने निजी गाड़ी से सिविल ड्रेस में औचक निरीक्षण किया, जब एसपी की गाड़ी हमीरवास थाना पुलिस द्वारा करवाई गई नाकाबन्दी से तेज रफ्तार से गयी तो नाकाबन्दी में तैनात किसी भी पुलिसकर्मी ने ध्यान नहीं दिया।
इसके बाद एसपी की गाड़ी फिर से इस नाकाबन्दी से गुजरी। तीसरी बार भी एसपी की गाड़ी को जब नहीं पकड़ा गया तो नाकाबन्दी में तैनात एएसआई रामेश्वर और कांस्टेबल संदीप व रामनिवास की लापरवाही माना गया और एसपी ने तीनों को तुरन्त प्रभाव से सस्पैंड कर दिया। बता दें कि राजस्थान सरकार ने एसपी तेजस्विनी गौतम को हाल ही चूरू में लगाया है। यह चूरू जिले की पहली महिला एसपी हैं।












Click it and Unblock the Notifications