राजस्थान : सेल्फी लेने के दौरान तालाब में गिरने से तीन भाइयों की मौत, बीएसएफ की मदद से निकाले शव
बाड़मेर, 13 अगस्त। राजस्थान के बाड़मेर जिले के गडरारोड इलाके में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर सेल्फी लेने के दौरान तालाब में गिरने से तीन भाइयों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से बीएसएफ के जवानों ने तीनों को दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला, मगर तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शवों को सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाए। हादसा शनिवार सुबह साढ़े दस बजे हुआ। मरने वाले चचेरे भाई थे।

जानकारी के अनुसार बाड़मेर जिले के गाडरारोड पुलिस थाना इलाके के अमी का पार निवासी 30 वर्षीय आरिफ खान पुत्र इदरीश खान, 32 वर्षीय पुत्र मजीद खान तथा 34 वर्षीय अजीत पुत्र हसन खान गांव के किनारे बने तालाब में नहाने गए थे। इस दौरान सबसे पहले एक युवक पानी के तालाब में फंस गया। उसे निकालने के लिए दोनों पानी के अंदर उतरे तो तीनों ही मिट्टी के दलदल में बुरी तरीके से फंस गए।
आसपास के लोगों व सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने 2 घंटे तक रेस्क्यू कर तीनों को बाहर निकाला। उन्हें गडरारोड अस्पताल लेकर गए, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद गडरा रोड प्रधान सलमान खान गडरा रोड उपखंड अधिकारी विक्रम सिंह राजपुरोहित सहित आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
गौरतलब है कि शनिवार सवेरे बाड़मेर में तेज बारिश हुई थी। करीब 4 घंटे तक चली इस बारिश ने पूरे जिले को जलमग्न कर दिया। सड़कें पानी से लबालब हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों युवक करीब 10 बजे अपने घर से निकले थे। इस दौरान भारत और पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 500 मीटर पहले बने तालाब में तीनों डूब गए और तीनों की मौत हो गई।
आरिफ के शव को निकालने के बाद उसके भाई मामद की तबीयत बिगड़ गई। वह वहीं बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने प्राइवेट गाड़ी से गडरारोड अस्पताल पहुंचाया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गाडरारोड थाना अधिकारी प्रभुराम ने बताया कि छोटा तालाब था। जहां से पानी आ रहा था, वहां कम था। जहां से गिरे, वहां पर ग़ड्डा गहरा था। दलदल की वजह से फंस गए थे। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।












Click it and Unblock the Notifications