राजस्थान : सरकारी स्कूल में शिक्षिका की तरफ शिक्षक ने किया अभद्र इशारा, मामला दर्ज
धौलपुर, 5 मई। राजस्थान के धौलपुर जिले में सरकारी स्कूल की एक शिक्षिका की ओर से साथी शिक्षक पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। शिक्षक के खिलाफ पुलिस थाने में भी शिकायत दी गई हैं। वहीं, स्कूल प्रबंधन व शिक्षक पर इस मामले को रफा-दफा करने के लिए शिक्षिका पर दबाव डालने और धमकियां देने के भी आरोप लग रहे हैं।

एसएचओ मंजू फौजदार ने बताया कि शिक्षिका की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिक्षिका ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसने अपने विभाग के रीजनल ऑफिस में भी शिकायत दी थी, लेकिन अब तक आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़िता ने बताया कि 2 अप्रैल को स्कूल में स्टाफ बैठक के दौरान आरोपी शिक्षक ने उसकी तरफ अंगुली दिखाकर अभद्र इशारा किया था। उसने पहली बार में तो अनदेखा किया, शिक्षक ने फिर ऐसी हरकत की। जिसे वहां मौजूद काफी लोगों ने देखा। स्टाफ बैठक खत्म होने के बाद पीड़ित शिक्षिका ने आरोपी शिक्षक से ऐसी गंदी हरकत फिर से ना करने की बात कही। इस वो भड़क उठा और हाथ पकड़कर बदतमीजी करते हुए धमकी देने लगा। इस दौरान स्कूल में आए एक अभिभावक ने इस घटना को देखा और बीच-बचाव किया।
अब शिक्षिका का आरोप है कि घटना की शिकायत करने पर स्कूल प्रशासन उस पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बना रहा है। शिक्षक द्वारा उसे लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं। पूरे प्रकरण में स्कूल प्रिंसिपल योगेश मीणा का कहना है कि शिक्षिका ने स्कूल के ही एक शिक्षक पर सेक्शुअल हैरेसमेंट का मामला दर्ज करवाया है। कमेटी द्वारा जांच कराने के बाद रिपोर्ट रीजनल ऑफिस जयपुर भेजी है।












Click it and Unblock the Notifications