Sukhdev Singh: सुखदेव सिंह हत्याकांड में पहली गिरफ्तारी, अब कौनसे गांव के 850 लड़कों की लिस्ट तैयार?
राजस्थान के सबसे चर्चित सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में राजस्थान पुलिस ने शनिवार को पहली गिरफ्तारी की है। पकड़े गए रामवीर पर शूटर रोहित राठौड़ व नितिन फौजी का जयपुर में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के घर तक पहुंचने में सहयोग करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसेफ के निर्देश पर सीएसटी क्राइम ब्रांच व एसआईटी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रामवीर को गिरफ्तार किया है।

बता दें कि आरोपी रामवीर शूटर नितिन फौजी के गांव का रहने वाला है। 5 दिसंबर 2023 नितिन फौजी और रोहित राठौड़ जयपुर में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने आए थे तब रामवीर ही मोटरसाइकिल से दोनों आरोपियों को अजमेर रोड छोड़कर आया था।
इधर, खबर है कि सुखदेव सिंह हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले रोहित गोदारा कपूरीसर पर शिकंजा कसने के लिए राजस्थान पुलिस ने उसके गांव के 850 ऐसे लड़कों की सूची तैयारी की है, जो रोहित गोदारा के सम्पर्क में हैं। पुलिस को उम्मीद है कि उन लड़कों से पूछताछ में रोहित गोदारा के बारे में कुछ जानकारी मिल सकती है।
उल्लेखनीय है कि रोहित गोदारा राजस्थान के बीकानेर जिले की लूणकरणसर तहसील के गांव कपूरीसर का रहने वाला है। रोहित ने 10वीं क्लास पास करने के बाद मोबाइल टेक्नीशियन का काम शुरू किया।
साल 2010-11 में रोहित गोदारा पर पहली बार जानलेवा हमले का मामला दर्ज हुआ। उसके बाद यह जुर्म की दुनिया में कदम रखा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़कर गैंगस्टर बन गया।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे रोहित गोदारा के गंभीर अपराध के करीब 32 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। राजस्थान में कारोबारियों से 5 करोड़ से लेकर 17 करोड़ तक की रंगदारी मांग चुका है। सीकर में गैंगस्टर राजू ठेहट व पंजाबी सिंगर सिद्धू मुसेवाला हत्याकांड में भी रोहित गोदारा का नाम आया।
खबरों की मानें तो रोहित गोदारा ने पवन कुमार के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया और 13 जून 2022 को दिल्ली से दुबई (Dubai) भाग गया। कहा जा रहा है कि वह इस समय लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गोल्डी बरार के साथ कनाड़ा में है।












Click it and Unblock the Notifications