Subhash Maharia Join BJP: 3 बार सीकर MP रहे सुभाष महरिया ने छोड़ी कांग्रेस, जानिए कहां से लड़ सकते हैं चुनाव?
कांग्रेस छोड़ भाजपा ज्वाइन करने वाले दिग्गज जाट नेता सुभाष महरिया केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं। 1999 में सीकर से बलराम जाखड़ को हराकर चर्चा में आए थे।

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 से पहले सुभाष महरिया ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली है। जयपुर में शुक्रवार 11 बजे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की मौजदूगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली।
Recommended Video

सुभाष महरिया मूलरूप से सीकर के रहने वाले हैं। साल 1998, 1999 और 2004 में सीकर लोकसभा सीट से सांसद रहे चुके हैं। महरिया 1999 में अटल बिहार सरकार में उपभोक्ता मामलों के राज्यमंत्री भी रहे।
सुभाष महरिया की एक तरह से यह घर वापसी है। पहले लंबे समय तक भाजपा में रहे हैं। साल 2009 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद 2014 में महरिया को टिकट नहीं मिला तो ये निर्दलीय मैदान में कूद पड़े थे। इस बार भी हार मिली। इसके बाद सचिन पायलट के प्रयासों से महरिया कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
राजस्थान की राजनीति के जानकार कयास लगा रहे हैं कि सुभाष महरिया राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा की टिकट से भाग्य आजमा सकते हैं। संभावना तो यह भी जताई जा रही है कि सुभाष महरिया को सीकर जिले की लक्ष्मणगढ़ सीट से टिकट मिलेगी। ऐसे में यहां उनका मुकाबला कांग्रेस पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा से होना तय है।












Click it and Unblock the Notifications