हीरोइन बनने मुम्बई गईं 3 बहनें, फोटोशूट-इंटरव्यू के बाद पता ही नहीं चला कैसे पहुंच गईं भोपाल
सीकर। राजस्थान के सीकर जिले की लापता तीन बहनें भोपाल रेलवे स्टेशन पर घूमती मिली हैं। पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपने लापता होने और वापस मिलने की जो कहानी बताई वो सुनकर पुलिस भी चौंक गई। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार दो युवती सगी बहन और तीसरी उनकी चचेरी बहन है। सगी बहनें सीकर में व चचेरी बहन धोद में पढ़ती है। तीनों गांव भुवाल की रहने वाली हैं।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि सालभर पहले इनको हीरोइन बनाने के लिए खुद पिता मुम्बई लेकर गए थे। वहां पर कई फिल्म स्टूडियो में फोटोशूट करवाया और साक्षात्कार दिए। कई दिनों तक कहीं से भी कोई अच्छा रोल नहीं मिलने पर तीनों वापस सीकर लौट आई थी।
यहां आकर पढ़ाई शुरू कर दी। इस बार की गर्मियों की छुट्टी में तीनों फिर से मुम्बई जाकर भाग्य आजमाने की योजना बनाई और कुछ दिन पहले घर वालों को बिना बताए निकल गई। डीएसपी ग्रामीण कमल सिंह ने बताया कि परिजनों ने काफी तलाशने के बाद सीकर में उनकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
सीकर से जयपुर होते हुए ट्रेन से मुम्बई पहुंच गई। वहां फोटोशूट व इंटरव्यू देने के बाद वापस आ रही थी, लेकिन जयपुर की बजाय भोपाल पहुंच गई। भोपाल रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने तीनों को शक के आधार पर पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने खुद को सीकर की बताया। भोपाल पुलिस ने सीकर पुलिस से सम्पर्क किया तो सारी कहानी सामने आ गई। इस पर सीकर जिले की धोद पुलिस देर रात परिजनों के साथ भोपाल पहुंचकर तीनों बहनों को घर लाई।












Click it and Unblock the Notifications