Sikar Family Accident : पंजाब में कार नहर में डूबी, डॉक्टर-शिक्षिका समेत 5 के शव बरामद, 2 बच्चे लापता
Sikar Family Accident : पंजाब में कार नहर में डूबी, डॉक्टर-शिक्षिका समेत 5 शव बरामद, 2 बच्चे लापता
सीकर, 18 अप्रैल। पंजाब के रूपनगर जिले में बस की टक्कर के बाद कार नहर में गिर गई, जिससे राजस्थान की दो महिलाओं समेत पांच लोगों के शव बरामद हुए हैं। दो बच्चे लापता हैं। हादसे का शिकार हुआ यह परिवार राजस्थान के सीकर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।

डॉ. सतीश पूनिया हड्डी रोग विशेषज्ञ, सीएचसी रींगस
जानकारी के अनुसार सीकर जिले के गांव ठिकरिया के डॉ. सतीश पूनिया ( हड्डी रोग विशेषज्ञ, सीएचसी रींगस) व उनकी पत्नी सरिता पूनिया (अध्यापिका, किशनपुरा) तथा रिश्तेदार राजेश देवन्दा का परिवार घूमने के लिए गया था।

अहमदपुर वाले पुल पर निजी बस व कार में टक्कर हो गई
रास्ते में पंजाब के रूपनगर जिले में घनौली के पास अहमदपुर वाले पुल पर निजी बस व कार में टक्कर हो गई। इसके बाद कार भाखड़ा नहर में गिर गई। कार को बस ने ओवरटेक करते हुए टक्कर मारी थी।

कार को हाइड्रा मशीन से नहर से बाहर निकाला गया
पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने कार को हाइड्रा मशीन से नहर से बाहर निकाला गया। उसमें दो महिलाओं सहित कुल पांच शव कार के अंदर से बाहर निकाले गए हैं। कार में दो बच्चे भी थे। उनका पता नहीं चला है। आशंका है कि दोनों बच्चों के शव नहर में बह गए। हालांकि उनकी मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

दो बच्चों के बह जाने की सूचना
महिला के पर्स में मिले पहचान पत्र के अनुसार यह परिवार राजस्थान के सीकर जिले के श्रीमाधोपुर ठिकरिया बावड़ी का रहने वाला है। कार में सात लोग सवार थे। दो पुरुष और दो महिलाओं और एक युवक के शव मिले हैं। दो बच्चों के बह जाने की सूचना है।

बस ने कार को तेज टक्कर मारी
निजी बस ने कार को इतनी तेज टक्कर मारी कि वह पुल की रेलिंग तोड़ नहर में जा गिरी। लोगों ने बाद में हाइड्रा मशीन मंगवाकर कार को नहर से निकालने का काम शुरू किया।

पर्स के अंदर महिला का पहचान पत्र मिला
बताया जा रहा है कि एक महिला के बहते पर्स को लोगों ने किसी तरह पकड़ लिया। पर्स के अंदर महिला का पहचान पत्र मिला है। उसी आधार पर इनकी शिनाख्त हुई है।

सुरिंदर सिंह ने आंखों देखा हाल बयां किया
गांव दुगरी के सुरिंदर सिंह ने आंखों देखा हाल बयां किया। बताया कि कार श्री आनंदपुर साहिब की तरफ से आ रही थी और उसे पीछे से आई प्राइवेट बस ने ओवरटेक करते हुए टक्कर मारी, वह नहर में गिरते ही डूब गई।

सांसों की डोर टूट चुकी थी
भाखड़ा नहर में कार गिरने के बाद कार अंदर फंसे सवारों ने शीशे खोलकर बचाव के लिए खूब शोर मचाया। आस-पास के लोगों ने उनको बचाने का प्रयास भी किया, मगर जब उन तक नहर में पहुंचे तब सांसों की डोर टूट चुकी थी।












Click it and Unblock the Notifications