राजस्थान में साधु चेतनदास की हत्या, हनुमानगढ़ के संगरिया में कुटिया के दरवाजे पर पड़ा मिला शव
हनुमानगढ़, 17 अगस्त। राजस्थान में फिर एक साधु की जान गई है। भरतपुर व जालोर में दो साधुओं की सुसाइड के बाद अब हनुमानगढ़ के संगरिया पुलिस थाना इलाके के साधु चेतनदास की हत्या का मामला सामने आया है। साधु का शव बुधवार सुबह कटिया के दरवाजे के बाहर पड़ा मिला है। साधु का शव देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

साधु के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। ग्रामीणों ने बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी। संगरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को वहां से उठवाकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हत्या के कारणों का और आरोपियों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हनुमानगढ़ की संगरिया पुलिस के अनुसार साधु चेतनदास करीब 25 बरसों से गांव भाखरावाली में कुटिया में रहते थे। बुधवार को सुबह साधु चेतनदास का शव कुटिया के बाहर पड़ा मिला। शव के आसपास खून बिखरा हुआ था। अज्ञात हमलावरों ने साधु की हत्या की है।
ग्रामीणों के अनुसार साधु चेतनदास पंजाब के रहने वाले थे। ग्रामीण साधु चेतनदास को कुटिया में रोजाना खाना देकर जाते थे। साधु चेतनदास की हत्या की सूचना के बाद संगरिया डीएसपी प्रतीक मील और संगरिया थानाधिकारी हनुमानाराम बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से पूछताछ की तो सामने आया कि साधु चेतनदास का किसी से किसी प्रकार का विवाद या झगड़ा नहीं था। वे अपनी कुटिया में रहते थे और गांव में सभी लोगों से उनके अच्छे संबंध थे।
ग्रामीण ही उनको नियमित रूप से कुटिया में भोजन देकर जाते थे, लेकिन आज साधु का शव देखकर ग्रामीण हैरान रह गये। साधु की हत्या की सूचना से गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने साधु चेतनदास की हत्या पर शोक जताते हुये पुलिस से मांग की है कि हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। फिलहाल पुलिस ने साधु चेतनदास के शव को संगरिया चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है।












Click it and Unblock the Notifications