पायलट ने बनाया 'घर वापसी' का प्लान? हाईकोर्ट में याचिका के बाद चिदंबरम से की बात
नई दिल्ली: राजस्थान में एक हफ्ते से जारी सियासी घमासान शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। डिप्टी सीएम और पीसीसी चीफ पद से बर्खास्त हुए सचिन पायलट की रणनीति अभी किसी को समझ में नहीं आ रही है। विधानसभा अध्यक्ष के अयोग्यता नोटिस के बाद पायलट ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, तो वहीं दूसरी ओर गुरुवार देर शाम कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वर्किंग कमेटी के स्थायी सदस्य पी. चिदंबरम से लंबी बातचीत की।

क्या बात हुई?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक चिदंबरम ने पायलट से बात करने के बाद कहा, "उन्होंने सिर्फ उस बात को दोहराया कि उन्हें पार्टी ने बातचीत के लिए आमंत्रित किया था। ऐसे में बैठकर सभी मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है। उन्हें इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए"। इसके अलावा अभिषेक मनु सिंघवी ने दावा किया था कि पायलट ने कानूनी सलाह के लिए उनके पास फोन किया था।

बागी विधायकों को वक्त देगी कांग्रेस
कांग्रेस के एक दूसरे वरिष्ठ नेता भी पायलट के संपर्क में हैं। उन्होंने पायलट को सम्मानजनक वापसी का आश्वासन दिया है। वहीं पायलट खेमा हाईकोर्ट पहुंच गया है, इसके बावजूद भी कांग्रेस बागी विधायकों को ज्यादा वक्त दे सकती है। उन्होंने कहा कि अगर पायलट खेमा कोर्ट की कार्यवाही को आगे बढ़वा दे, तो कांग्रेस के वकील इस पर आपत्ति नहीं करेंगे। वहीं अगर विधायक वापस लौटते हैं, तो अयोग्यता की कार्यवाही से भी बच जाएंगे।

तीन दिन में देना था जवाब
राजस्थान विधानसभा सचिवालय की ओर से बागी विधायकों को जारी नोटिस में तीन दिनों के अंदर लिखित जवाब मांगा गया था। इस नोटिस को कार्यवाही के लिए शुक्रवार दोपहर स्पीकर के सामने लाया जाना था, लेकिन मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। नोटिस में ये भी साफ किया गया था कि अगर विधायक जवाब नहीं भेजते, तो भी मामले का निपटारा होगा। वहीं कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और हाईकोर्ट में इस मामले की पैरवी करने वाले अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि विधायकों की ओर से स्पीकर की अयोग्यता कार्यवाही के खिलाफ याचिका शो कॉज स्टेज पर बनाए रखने के योग्य नहीं है।

ऑडियो पर मचा बवाल
राजस्थान के सियासी संग्राम में कांग्रेस विधायक का ऑडियो टेप सामने आने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता रणदीप सुरेजवाला ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कल चौंकाने वाला ऑडियो टेप सामने आया है, जिसमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा नेता संजय जैन और कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा रजास्थान की सरकार को गिराने के लिए विधायकों को घूस देने के बारे में बात कर रहे हैं। अब कांग्रेस की शिकायत पर एसओजी ने इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की है।












Click it and Unblock the Notifications