Rajasthan: लेडी जहीर के नाम से मशहूर सुशीला मीणा को RCA अकादमी से मिला सम्मान, सचिन तेंदुलकर ने बढ़ाया हौसला
Rajasthan News: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धरियावद क्षेत्र की उभरती क्रिकेटर सुशीला मीणा जिन्हें उनकी गेंदबाजी एक्शन के लिए लेडी जहीर कहा जाता है। उनको राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन अकादमी में सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, मंत्री जोगाराम पटेल और भाजपा नेता हेमंत मीणा सहित कई प्रमुख हस्तियों ने उनकी प्रशंसा की।
सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर बढ़ाया हौसला
सुशीला मीणा की प्रसिद्धि तब बढ़ी जब सचिन तेंदुलकर ने उनका गेंदबाजी वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने वीडियो में सुशीला की तुलना दिग्गज गेंदबाज जहीर खान से की और जहीर को टैग करते हुए उनकी गेंदबाजी प्रतिभा की सराहना की। इसके बाद सुशीला को देशभर से प्रशंसा और प्रोत्साहन संदेश मिले।

खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने की बातचीत
सुशीला की इस असाधारण सफलता पर खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने उनसे फोन पर बात कर उनकी मेहनत और जुनून की सराहना की। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा कि राजस्थान की होनहार बेटी सुशीला मीणा ने अपनी मेहनत और लगन से खेल जगत में अलग पहचान बनाई है। उनका जुनून और देश के लिए कुछ बड़ा करने की भावना हर किसी को प्रेरित करती है।
धरियावद की बेटी ने बनाई राष्ट्रीय पहचान
राजस्थान के आदिवासी बहुल क्षेत्र धरियावद से ताल्लुक रखने वाली सुशीला मीना की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है। जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनके गेंदबाजी एक्शन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई और वह भारतीय क्रिकेट की एक संभावित स्टार बन गई हैं।
आरसीए और प्रमुख हस्तियों से समर्थन
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन ने सुशीला की प्रतिभा को मान्यता देकर उन्हें अकादमी में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया है। खेल मंत्री और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों के समर्थन ने उनके भविष्य को और उज्ज्वल बना दिया है। यह कदम न केवल सुशीला के करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद करेगा। बल्कि राजस्थान के अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।
सुशीला मीना का प्रभावशाली सफर
सुशीला ने अपनी सफलता की यात्रा में कड़ी मेहनत, समर्पण और जुनून का प्रदर्शन किया है। उनकी कहानी भारत के हर कोने में छिपी हुई क्षमता को उजागर करती है। निरंतर मार्गदर्शन और प्रशिक्षण के साथ वह न केवल भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बन सकती हैं। बल्कि भविष्य में देश के लिए गौरव भी ला सकती हैं।
लेडी जहीर के नाम से मशहूर सुशीला मीणा की यात्रा यह साबित करती है कि प्रतिभा और सही मार्गदर्शन से कोई भी व्यक्ति असंभव को संभव कर सकता है। उनकी सफलता न केवल राजस्थान बल्कि पूरे भारत के युवा एथलीटों के लिए प्रेरणा है।












Click it and Unblock the Notifications