Rajasthan School Holiday: कड़ाके की ठंड से कांपा राजस्थान, स्कूलों की छुट्टी पर नया अपडेट
Rajasthan School Holiday: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी तक राजस्थान के कई जिलों में शीतलहर का रेड अलर्ट जारी किया है। इस 'कोल्ड वेव' के चलते प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया है। राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में सर्दी की छुट्टियां बढ़ाने का ऐलान किया गया है।
ठंड के साथ ही पूरे प्रदेश में घने कोहरे से लेकर अति घने कोहरे का अलर्ट है। ऐसे में बच्चों के लिए सुबह के समय स्कूल आना भी एक बड़ी चुनौती हो सकती है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मकर संक्रांति तक के लिए स्कूलों की सर्दी की छुट्टियां बढ़ा दी गई है।

Rajasthan School Holiday: जयपुर और सीकर में स्कूल बंद, आदेश जारी
- सर्द मौसम को ध्यान में रखते हुए जयपुर और सीकर जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर अहम आदेश जारी किए हैं। जयपुर जिला कलेक्टर ने कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए शीतकालीन अवकाश को आगे बढ़ा दिया है।
- शेखावाटी क्षेत्र में अत्यधिक ठंड और पाले की आशंका को देखते हुए सीकर जिला कलेक्टर ने भी छोटे बच्चों के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
- अजमेर, जोधपुर, उदयपुर जैसे इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड को देखते हुए जिलेवार छुट्टियां और ऑनलाइन क्लास का आदेश दिया गया है।
- इसे देखते हुए अभिभावकों से क्षेत्रीय आदेश और स्कूलों की वेबसाइट और वॉट्सऐप ग्रुप पर देखने की अपील की गई है।
Rajasthan School Holiday: अगले 72 घंटे प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली ठंड
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आने वाले तीन दिन राजस्थान के लिए बेहद कठिन रहने वाले हैं। सीकर, चूरू, झुंझुनूं, हनुमानगढ़ और अलवर जिलों में अत्यंत घने कोहरे और शीतलहर का रेड अलर्ट जारी किया गया है। माउंट आबू में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। फतेहपुर और जोबनेर जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 0 से 1 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। कई जगहों पर खेतों में पाले की परत जमने लगी है। अगले 3 दिनों तक उत्तरी राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट है।
Rajasthan Weather: कोहरे से यातायात प्रभावित
घने कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह गई है। कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उत्तर पश्चिम रेलवे की एक दर्जन से अधिक ट्रेनें 2 से 5 घंटे की देरी से चल रही हैं। जयपुर एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी के चलते सुबह की कई उड़ानों के संचालन में परेशानी देखने को मिल रही है। घने कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने और स्पीड लिमिट का ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications