Rajasthan News: शराब समझकर पी लिया बर्तन धोने का लिक्विड, 3 महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत
Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिला के गंगापुर थाना क्षेत्र से दर्दनाक घटना सामने आई है। आलोली गांव में 4 लोगों की मौत हो गई है। ये चारों लोग शादी समारोह में काम करने वाले श्रमिक थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे बर्तन साफ करने वाले लिक्विड को शराब समझकर घर ले आए और उसका सेवन कर लिया। इस घटना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, रतन (पुत्र मसरिया कंजर), सुशीला देवी, जमनी देवी (पत्नी शंकर कंजर) और बदामी देवी ने तीन दिन पहले गांव में आयोजित एक शादी समारोह में बर्तन धोने का ठेका लिया था। काम पूरा होने के बाद वे सफाई में इस्तेमाल होने वाला लिक्विड अपने साथ ले आए। पुलिस का अनुमान है कि नशे की चाह में उन्होंने इसे शराब समझकर पी लिया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।

Rajasthan News: घटना के बाद हरकत में प्रशासन
पुलिस ने बताया कि देर रात हालत गंभीर होने पर तीन लोगों ने गंगापुर अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक महिला की मौत भीलवाड़ा के महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान हुई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह सिंधु और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। राजस्थान पुलिस की टीम के साथ एफएसएल विशेषज्ञों को भी जांच के लिए बुलाया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
Rajasthan News: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। यह घटना ग्रामीण इलाकों में रसायनों के सुरक्षित उपयोग और जागरूकता की कमी की ओर इशारा करती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात तरल पदार्थ का सेवन न करें और संदिग्ध वस्तु मिलने पर तुरंत सूचना दें।












Click it and Unblock the Notifications