Rajasthan : मजदूर को मिला 66 करोड़ के इनकम टैक्स का नोटिस, 2017 में रंगाई-पुताई करते की थी ये गलती
भीलवाड़ा, 16 जुलाई। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के गांव हुरड़ा के गोविंद भील के होश उस वक्त उड़ गए जब उसे आयकर विभाग की ओर से 66 करोड़ रुपए का टैक्स जमा करवाने का नोटिस मिला। इनकम टैक्स के इस नोटिस की प्रति सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही है।

नोटिस पाकर चिंतित हुआ गोविंद का परिवार
गोविंद भील कोई पैसे वाल शख्स नहीं बल्कि मजदूर है, जो रंगाई-पुताई करते परिवार चला रहा है। पत्नी व दो बेटियां हैं। घर में आय का और कोई बड़ा जरिया भी नहीं। फिर 66 करोड़ रुपए का टैक्स चुकाने का नोदिस देखकर गोविंद का परिवार चिंतित है।

नोटिस भेजे जाने की पुख्ता वजह पता नहीं
आयकर विभाग अजमेर की ओर से गोविंद भील को करोड़ों के टैक्स का नोटिस भेजे जाने की पुख्ता वजह का तो पता नहीं, लेकिन रंगाई-पुताई करने वाले मजदूर गोविंद भील द्वारा साल 2017 में की गई एक गलती की वजह से ऐसा होना माना जा रहा है।

जॉब के लिए खुलवाया था बैंक खाता
दरअसल, साल 2017 में गोविंद भील के पास हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड में जॉब पाने का मौका आया था। तब गोविंद ने पैन कार्ड बनवाकर बैंक में खाता खुलवाया था। हालांकि खाता खुलवाने के बाद हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड में उसे नौकरी नहीं मिली थी।

लेनदेन किसने किया पता नहीं?
गोविंद ने उस बैंक खाते से कोई लेनदेन नहीं किया और खाते को लगभग भूल सा गया था, मगर अब 66 करोड़ का इनकम टैक्स का नोटिस देखकर गोविंद के होश उड़े हुए हैं। गोविंद का कहना है कि उसके बैंक खाते का किसने, कैसे प्रयोग किया? उसे इस बारे में कुछ पता नहीं।

रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई
बता दें कि आयकर विभाग ने ITR दाखिल करने की अंतिम तिथि या डेडलाइन 31 जुलाई 2022 तय की है। 31 जुलाई तक करदाता वित्त वर्ष 2021-22 या आकलन वर्ष 2022-23 के लिए अपना रिटर्न दाखिल कर सकते हैं। इस तय तिथि तक आयकर रिटर्न दाखिल न करने वालों पर विभाग जुर्माना लगाएगा।

आयकर कार्यालय पहुंचा गोविंद
गोविंद भील ने बताया कि 66 करोड़ रुपए इनकम टैक्स का नोटिस मिला तो वह अजमेर आयकर कार्यालय में 14 जुलाई को उपस्थित हुआ था। तब उसे बताया गया कि उसके खाते से 66 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है। उसने आयकर अधिकारियों को बताया कि उसने कोई लेनदेन नहीं किया और ना ही टैक्स या जुर्माना चुकाने की स्थिति में नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications