राजस्थान सरकार का बड़ा कदम: बनाएंगे ऐसा एप, जो स्कूल में गलत हरकतों पर रखेगा नजर, कैसे करेगा काम?
स्कूल शिक्षा का वो मंदिर है, जिसमें हम ज्ञानार्थ प्रवेश लेते हैं और सेवार्थ प्रस्थान करते हैं। मतलब पढ़ाई पूरी करके सेवा भाव से निकलते हैं, मगर कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं, जिसमें गुरु और शिष्य की मर्यादा तार-तार और शिक्षा का यह मंदिर शर्मसार हो जाता है।
इन्हीं घटनाओं को देखते हुए राजस्थान सरकार का शिक्षा विभाग एक प्रभावी एप बनाने जा रहा है, जो स्कूलों में होने वाली अनुशासनहीन और आपत्तिजनक गतिविधियों पर निगरानी रखेगा।
राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार में शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने एप बनाने के शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में शिक्षामंत्री ने स्कूलों में वाली शर्मसार करने वाली घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि एक स्कूल में तो एक महिला और पुरुष शिक्षक ने अश्लील हरकतें की थीं. जिन्हें नौकरी से हटा दिया गया।
इन जिलों में सामने आईं शर्मनाक घटनाएं
- राजस्थान के दौसा जिले के कालेड़ स्थित सरकारी स्कूल में हाल ही एक टीचर राजेंद्र सिंह गुर्जर ने तीन बालिकाओं से अश्लील हरकत की। छात्राओं के परिजनों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई।
- चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार स्थित सरकारी स्कूल के संस्था प्रधान व शिक्षिका की अश्लील हरकतों का वीडियो कई दिन पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उनके खिलाफ न केवल एफआईआर दर्ज की गई बल्कि शिक्षा विभाग ने दोनों को नौकरी से भी निकला दिया।
- भीलवाड़ा जिले के आसींद इलाके मालासरी के सरकारी स्कूल में टीचर लखनलाल शर्मा पर दसवीं कक्षा की छात्रा को वीडियो कॉल पर बात करने के लिए मजबूर करने और परेशान करने का आरोप लगाया गया। टीचर को एपीओ किया गया।
कैसे काम करेगा एप?
मीडिया की खबर के अनुसार इस नए एप का पूरा कंट्रोल केवल शिक्षामंत्री और शिक्षा विभाग के शासन सचिव के पास रहेगा। एप के माध्यम से स्कूल का कोई भी छात्र गोपनीय रूप से शिक्षक या स्कूल स्टाफ की शिकायत दर्ज करा सकेगा। विभागीय स्तर पर शिकायत की जांच करवाकर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।













Click it and Unblock the Notifications