CM भजनलाल शर्मा बोले-राजस्थान दिवस भारतीय पंचांग से मनाएंगे, अंग्रेजी तारीख से नहीं, महिलाओं के लिए कई घोषणाएं
Rajasthan Diwas 2025: राजस्थान दिवस 2025 समारोह की शुरुआत बाड़मेर से हुई, जहां मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन में शामिल होकर प्रदेश की महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। इस अवसर पर डिप्टी सीएम दिया कुमारी भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने राज्य की संस्कृति और नारी शक्ति को सम्मानित करने के साथ ही कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के हित में कई योजनाओं की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने इस वर्ष से राजस्थान दिवस 30 मार्च 2025 को अंग्रेजी तारीख के बजाय भारतीय पंचांग के अनुसार मनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 75 साल पहले सरदार पटेल ने नव संवत चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन राजस्थान की स्थापना की थी, और इस बार भी उसी तिथि पर यह आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रतिपदा तिथि पर रेवती नक्षत्र और इंद्र योग भी है, जो विशेष महत्व रखता है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की संस्कृति में नारी को देवी समान माना गया है, और इस बार राजस्थान दिवस समारोह का पहला कार्यक्रम मातृ शक्ति को समर्पित है। इसके साथ ही उन्होंने नारी शक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाओं का उल्लेख किया और महिला सम्मेलन में भाग लेने वाली सभी महिलाओं को बधाई दी।
महिलाओं के लिए योजनाओं की घोषणाएं और लाभार्थियों से संवाद
मुख्यमंत्री ने बाड़मेर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन में महिला कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। इस दौरान कालीबाई भील योजना के तहत स्कूटी वितरण किया गया। इसके अलावा, 30 हजार लाभार्थियों के खातों में लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत राशि हस्तांतरित की गई। महिला स्वयं सहायता समूहों को 100 करोड़ रुपए की सीआईएफ राशि का वितरण भी किया गया।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश की 5 हजार महिलाओं को इंडक्शन कुक टॉप दिए गए हैं, ताकि उनके घरों में ऊर्जा की बचत हो सके और खाना पकाने की प्रक्रिया आसान हो।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए नई योजनाओं का एलान किया
मुख्यमंत्री ने महिलाओं को रोजगार और सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिला समूहों के लिए आजीविका संवर्धन निधि के तहत 100 करोड़ रुपए हस्तांतरित किए। इसके अलावा, स्वामी विवेकानन्द स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस के तहत 164 छात्राओं को चयन पत्र वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी के लिए 36 महिला महाविद्यालयों में पुस्तकालयों की सुविधा शुरू की है, जिससे छात्राओं को अध्ययन के बेहतर अवसर मिल सकें।

गन्ने का ज्यूस पीकर जनसंपर्क, मुख्यमंत्री का जनता से संवाद
मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम का काफिला बाड़मेर के आदर्श स्टेडियम से उतरलाई एयरबेस जा रहा था, तभी काफिले ने बीच रास्ते में बीएनसी सर्किल पर रुका और वहां पर खड़े लोगों से बातचीत करते हुए ठेले वाले से गन्ने का ज्यूस पिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से संवाद करते हुए उनके समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर मंत्री के.के. विश्नोई, विधायक श्रीचंद कृपलानी, विधायक हमीर सिंह, जिलाध्यक्ष अनंत राम विश्नोई और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications