देश को आजादी दिलाने में आदिवासी क्षेत्र के लोगों का योगदान गौरवपूर्ण है- अशोक गहलोत
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को वर्चुअल तरीके से बांसवाड़ा नगर परिषद परिसर में भील राजा बांसिया की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर अशोक गहलोत ने आदिवासी क्षेत्र के लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य के आदिवासी क्षेत्र के महापुरूषों ने देश की आजादी तथा सामाजिक चेतना जागृत करने में बड़ी भूमिका निभाई है और इस गौरवपूर्ण इतिहास पर हम सभी को गर्व है।
देश के लिए आदिवासियों का बलिदान कोई नहीं भूल सकता- अशोक गहलोत
अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी समाज के त्याग व बलिदान की गौरव गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने में कोई कमी नहीं रखेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानगढ़ धाम पर गोविन्द गुरु के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों आदिवासी भाई-बहनों ने देश के लिए जो शहादत दी, उसे कोई नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि मावजी महाराज की शिक्षाओं तथा नानाभाई खांट, कालीबाई, मामा बालेश् वर दयाल, भीखाभाई भील, हरिदेव जोषी व हरिभाऊ उपाध्याय सहित अन्य महापुरूषों के योगदान को हम सभी आज भी बड़े गर्व से याद करते हैं।
हमारी सरकार ने आदिवासी क्षेत्र के हित में लिए हैं फैसले- अशोक गहलोत
मुख्यमंत्री ने कहा, ''जब-जब हमारी सरकार बनी आदिवासी समाज को केन्द्र में रखकर फैसले किए गए। उसी का परिणाम है कि यह क्षेत्र शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, चिकित्सा सहित अन्य क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।