15 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया ED का ही अफसर, राजस्थान ACB ने कसा शिकंजा
Rajasthan acb arrested ed officials: राजस्थान में विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां 15 लाख रुपए की रिश्वत लेने के मामले में राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के ही एक अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसीबी की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी के अधिकारी नवल किशोर मीणा ने एक मामले में मिडिलमैन बाबूलाल मीणा के साथ मिलकर 15 लाख रुपए की रिश्वत ली थी। इससे पहले गुरुवार को ही एंटी करप्शन ब्यूरो ने राजस्थान में कई ठिकानों पर छापेमारी भी की।

एसीबी को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता ने कहा कि नवल किशोर मीणा ने बाबूलाल मीणा के साथ मिलकर एक चिट फंड मामले में उससे रिश्वत ली। वहीं, राजस्थान एसीबी की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि नवल किशोर मीणा ने रिश्वत के बदले में केस रफा-दफा करने, गिरफ्तार ना करने और प्रॉपर्टी सीज ना करने की डील की थी। शुरुआत में नवल किशोर मीणा ने इस काम के बदले में 17 लाख रुपए मांगे, लेकिन बाद में 15 लाख में डील फाइनल हो गई।
एसीबी के मुताबिक, नवल किशोर मीणा मणिपुर में इंफाल के ईडी सब जोन कार्यालय में अधिकारी है, जबकि बाबूलाल मीणा राजस्थान के खैरथल में राज्य सरकार का कर्मचारी है।
गोविंद सिंह डोटासरा के बेटे को ईडी का समन
आपको बता दें कि इससे पहले गुरुवार सुबह ईडी ने राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बेटे को पेपर लीक मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा था। इस मामले को लेकर पिछले हफ्ते ईडी ने गोविंद सिंह डोटासरा के घर पर छापेमारी भी की थी। हालांकि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने ईडी की कार्रवाई पर कहा कि भाजपा को अपनी हार का डर है और इसीलिए वो चुन-चुनकर विपक्ष को निशाना बना रही है।












Click it and Unblock the Notifications